
भाजपा मोदी तो कांग्रेस न्याय गारंटी के भरोसे:भाजपा राम मंदिर का कर रही प्रचार, वहीं कांग्रेस महिला न्याय गारंटी के भरवा रही फार्म
By Dinesh chourasiya
लोकसभा चुनाव काे जीतने के लिए भाजपा और कांग्रेस अपनी-अपनी रणनीति पर काम शुरू कर चुकी है। जहां भाजपा एक-एक मंडल से लेकर पन्ना प्रभारियों तक बैठक ले रही हैं। वहीं कांग्रेस बूथ प्रभारियों तक को न्याय की गारंटी बताने की जिम्मेदारी दे रही है। भाजपा मोदी की गारंटी और राम मंदिर के नाम पर वोट मांग रही है तो कांग्रेस महिलाओं को न्याय दिलाने के लिए हर साल एक लाख रुपए देने की गारंटी दे रही है। संगठन के पदाधिकारी, विधायक और पूर्व विधायक नारी न्याय गारंटी के फार्म घर-घर जाकर भरवा रहे हैं।
रायपुर







बृजमोहन अग्रवाल VS विकास उपाध्याय
बृजमोहन देर रात ले रहे बैठक
भाजपा प्रत्याशी बृजमोहन अग्रवाल रात में 2-3 बजे तक बैठकें कर रहे हैं। अभी तक वे सभी 9 विधानसभा की करीब 36 मंडलों की बैठकें ले चुके हैं। उन्होंने बूथ प्रभारी से लेकर पन्ना प्रभारी तक की जिम्मेदारी तय कर दी है। ऐसा पहली बार हुआ है जब किसी प्रत्याशी ने एक-एक मंडल की बैठक ली हो। इसके साथ वे हर दिन 15-20 कार्यक्रम सभाओं में शामिल हो रहे हैं।




विकास न्याय रथ पर ही सो रहे
कांग्रेस प्रत्याशी विकास उपाध्याय न्याय रथ लेकर रवाना हो गए हैं। वे गांव-गांव में जाकर राहुल गांधी की न्याय गारंटी का प्रचार कर रहे हैं। इसी रथ पर वे रात में सो भी रहे हैं। सुबह 6 बजे फिर रथ लेकर रवाना हो जा रहे हैं। इसके साथ ही कांग्रेस ने 9 विधानसभाओं के पूर्व विधायक और संगठन पदाधिकारियों को नारी न्याय गारंटी के फार्म भरवाने की जिम्मेदारी दे रखी है।
राजनांदगांव
संतोष पांडेय VS भूपेश बघेल
संतोष हर गांव में कर रहे संपर्क
भाजपा प्रत्याशी संतोष पांडेय ने जनसंपर्क को जन आशीर्वाद कार्यक्रम का नाम दिया है। वे हर गांव में आधे घंटे का समय दे रहे हैं। भाजपा की तरफ से प्रत्येक विधानसभा में प्रभारी व सह प्रभारी बनाए गए हैं। उनको भी गांवों में दौरे की जिम्मेदारियां दे दी गई हैं। प्रभारियों के द्वारा रोजाना 8 से 10 गांवों को कवर करने का प्रयास किया जा रहा है।
भूपेश रोज 25-30 गांव जा रहे
कांग्रेस के प्रत्याशी भूपेश बघेल का पिछले एक सप्ताह से गांव-गांव में जाकर जन संपर्क कर रहे हैं। लोकसभा क्षेत्र बड़े होने की वजह से तीन दिन अविभाजित राजनांदगांव से तो दो दिन कवर्धा जिले के दौरे पर चल रहे हैं। रोजाना सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक वे 25 से 30 गांवों का दौरा करते हैं। इनमें वे हर गांव को करीब 15 मिनट का समय दे रहे हैं।
दुर्ग
विजय बघेल VS राजेंद्र साहू
विजय बता रहे केंद्र की योजनाएं
भाजपा प्रत्याशी विजय बघेल समाज, संस्था और संगठनों और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंस की बैठकों में शामिल होकर अपनी बातें रख रहे हैं। पार्टी संगठन के माध्यम से विधानसभा, मंडल और शक्ति केंद्र स्तर पर एक दौर की बैठक हो चुकी है। लाभार्थी जनसंपर्क कार्यक्रम में केंद्र की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित लोगों से भी मिल रहे हैं।
राजेंद्र साामाजिक समीकरण साध रहेे
कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र साहू का फोकस सामाजिक वोटर्स पर ज्यादा है। इसके लिए स्वजातीय के साथ-साथ सभी छोटे-बड़े समाजों के प्रमुखों से निरंतर मिल रहे हैं। संगठन स्तर पर सभी 9 विधानसभा क्षेत्रों में सेक्टर स्तर की बैठकें हो चुकी हैं। अगले एक-दो दिन में डोर-टू-डोर जनसंपर्क भी शुरू कर देंगे।
बस्तर
महेश कश्यप VS कवासी लखमा
महेश आदिवासियों को साधने में जुटें
भाजपा प्रत्याशी महेश कश्यप का फोकस आदिवासियों पर हैं। आदिवासी महिला को राष्ट्रपति और आदिवासी व्यक्ति को छत्तीसगढ़ का सीएम बनाए जाने की बात कहते हुए भरोसा जीतने का प्रयास कर रहे हैं। सामाजिक संगठनों से लगातार संपर्क बनाए हुए हैं। शहरी क्षेत्रों में भाजपा का महिलाओं पर खास फोकस देखा जा रहा है।
कवासी के बेटे देख रहे बूथ मैनेजमेंट
कांग्रेस प्रत्याशी कवासी लखमा ने विधायक, विधायक प्रत्याशी और कद्दावर नेताओं को अपने इलाके में कमान संभाले जिम्मेदारी दी है। वे खुद सिर्फ सभा और नुक्कड़ नाटकों की जिम्मेदारी देख रहे हैं। बेटे हरीश कवासी बूथ मैनेजमेंट, सामाजिक समीकरण, युवाओं को साधने में लगे हुए हैं।
कोरबा
सरोज पांडेय VS ज्योत्सना महंत
सराेज मोदी की गारंटी के साथ
भाजपा प्रत्याशी सरोज पाण्डेय ने सभी विधानसभा क्षेत्र के पार्टी कार्यकर्ताओं व नेताओं से भेंट मुलाकात का दौर जारी रखा है। नुक्कड़ सभाओं,होली मिलन समारोह में शामिल होकर जड़े गहरी कर रही है। मोदी की गारंटी, राम मंदिर निर्माण, डबल इंजन की सरकार से विकास, नारी वंदन योजना, कांग्रेस के घोटाले बता रहीं।
ज्योत्सना न्याय गांरटी बता रहीं
कांग्रेस प्रत्याशी ज्योत्सना महंत का मुख्य मोर्चा पति डॉ.चरणदास महंत ने संभाला है। ज्योत्सना अलग-अलग गांव में बैठकें लेकर आदिवासियों को कांग्रेस ही उनकी असली हितैषी है,यह समझाने में लगी हैं। कांग्रेस की न्याय गारंटी, शिक्षित बेरोजगारों को नौकरी न मिलने की बात भी बैठकें ले कर प्रमुखता से कर रही हैं।
बिलासपुर
तोखन साहू VS देवेंद्र यादव
तोखन राम के नाम पर मांग रहे वोट
भाजपा प्रत्याशी तोखन साहू रोज सुबह 8 बजे से देर रात 12 बजे तक प्रचार कर रहे हैं। रात में ही कार्यक्रम तय रहता है कि वे अगले दिन कहां जाएंगे। काफिले के साथ वहां पहुंचते हैं और घूम-घूमकर लोगों से भेंट करते हैं और अपने लिए समर्थन मांगते हैं। वे पीएम नरेंद्र मोदी का नाम लेकर कहते हैं कि जो राम को लाए हैं, हम उनको लाएंगे।
देवेंद्र ट्रैक्टर से बता रहे न्याय की गारंटी
कांग्रेस प्रत्याशी देवेंद्र यादव कभी ट्रैक्टर तो कभी खुली जीप से निकलते हैं। एक ही दिन में पार्टी की अलग-अलग बैठकों से लेकर सामाजिक बैठकों में भी हिस्सा लेते हैं। लोगों को अपने नेता राहुल गांधी की न्याय की बात बताकर यह गारंटी देते हैं कि कांग्रेस की सरकार बनेगी तो महंगाई कम होगी




