भिलाई के डबरा पारा फ्लाईओवर में एक तरफ से आवाजाही शुरू, खुर्सीपार और सिरसागेट चौक पर बढ़ा दबाव
By Dinesh chourasiya

सारी जांच पूरी होने के बाद डबरा पारा फ्लाई ओवर को खोल दिया गया है। इसमें वाहनों की गति 80 किलोमीटर प्रतिघंटे निर्धारित की गई है। फ्लाई ओवर के निर्माण के समय यहां से गुजरने वाले वाहनों की गति 8 से 15 किलोमीटर प्रतिघंटे रहती थी, जो अब सीधे बढ़ गई है। इसकी वजह से भिलाई-3 की ओर से आते समय वाहन सीधे खुर्सीपार गेट पर और खुर्सीपार से भिलाई-3 से आगे की ओर जाने वाली गाड़ियां सीधे जनता स्कूल मीडियन कट और सिरसा गेट चौक पर जाकर रुक रही हैं। सर्विस लेन पर भी वाहनों की जाम लगने लगी है। सर्विस लेन में अक्सर गाड़ियां आमने-सामने हो रही हैं। नेशनल हाइवे में नेहरू नगर से टाटीबंध के बीच सुपेला-चंद्रा-मौर्या चौक, पावर हाउस चौक, डबरा पारा और कुम्हारी चौक में फ्लाई ओवर बनाया गया है। इससे वाहनों की गति बढ़ गई है। दुर्ग की ओर जहां सीधे नेहरू नगर चौक पर वाहनों का रेला लगने लगा है, तो वहीं रायपुर की ओर जाने वाले मार्ग में खुर्सीपार गेट और इसके बाद सीधे सिरसा-गेट चौक पर गाड़ियां जाकर रुकने लगी हैं। यहां अब ट्रैफिक का दबाव बढ़ने लगा है। इसके साथ सफर भी आसान हो चला है। डबरा पारा फ्लाईओवर मंगलवार को एक तरफ से शुरू कर दिया गया, पहले ही दिन वाहनों के गुजरने के साथ ही धूल भी उड़ने लगी, जिससे परेशानी हुई।
चौक पर रेड लाइट 3 से 4 मिनट तक रह रहा, इसलिए लग रहा जाम नेहरू नगर चौक, खुर्सीपार तिराहा और सिरसा गेट चौक पर सभी दिशाओं में जाने वाली गाड़ियों के लिए ग्रीन लाइट का समय अलग-अलग है। मुख्य लेन में 67 सेकंड से लेकर 87 सेकंड तक ग्रीन लाइट रहता है। शहर के भीतर घुसने वाले मार्ग पर इसकी अवधि 35 से 40 सेकंड या इससे कम है। इस तरह रेड लाइट कम से तीन से चार मिनट तक रह रहा है। इतने समय में मुख्य मार्ग पर वाहनों की कतार लग जाती है। भिलाई-3 में जहां थाने तक कतार लग जाती है तो खुर्सीपार में जोन-2 जाने वाले मुख्यद्वार तक वाहन खड़े रहने लगे हैं।











