दुर्ग पुलिस ने अनोखे चोर गिरोह का किया पर्दाफाश:चोरी करते समय मोहल्ले के सभी घरों में बाहर से कुंडी लगा देते थे चोर
By Dinesh chourasiya

दुर्ग पुलिस ने रेकी कर अनोखे अंदाज में चोरी करने वाले गिरोह को पकड़ा है। आरोपी जिस घर में चोरी करते थे, उस मोहल्ले के सभी घरों की कुंडी पहले ही लगा देते थे। इससे लोग उन्हें पकड़ नहीं पाते थे। वो चोरी की वारदात को अंजाम देकर वहां से भाग जाते थे।
स्मृति नगर चौकी प्रभारी ने बताया कि उनके क्षेत्र पिछले कुछ महीनों से लगातार चोरी की घटनाएं हो रही थीं। बालोद जिले के डौंडी कुसुमकसा निवासी त्रिलोक धनकर और दीनदयाल कॉलोनी खम्हरिया निवासी देवेंद्र सोनी, उमेश कुमार और प्रतिभा सहानी ने चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी।








दुर्ग एसपी के निर्देश पर एक टीम गठित की गई। टीम ने जब आरोपियों की तलाश शुरू की, तो मुखबिर से बता चला कि वैशाली नगर इंदिरा गांधी स्कूल के पास रहने वाले नागेश्वर चंदेल उर्फ नागेश (19 साल) और हेमंत कुमार पटेल उर्फ राजा (23) को घटना स्थल पर संदेहास्पद स्थिति में देखा गया था। पुलिस ने सीसीटीवी खंगाला तो दोनों से मिलते जुलते दो लोग दिखे।
पुलिस ने दोनों को संदेह के आधार पर गिरफ्तार किया और जब पूछताछ की दोनों मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। उन्होंने बताया कि वो लोग साथ में चोरी करते थे और जिस भी घर को टारगेट करते थे, वहां मोहल्ले के बाकी आसपास के घरों में बाहर से कुंडी लगा देते थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
लाखों का सामान किया जब्त




पुलिस ने आरोपियों के पास से एक 55 इंच की टीवी, एक स्कूटी, 8 बाइक की बैट्री, दो फोन, होम थिएटर सहित करीब तीन लाख रुपए का सामान जब्त किया है




