
दुर्ग से रामलला के दर्शन के लिए आज रवाना होगी आस्था स्पेशल रेलवे स्टेशन पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा दिखाएंगे हरी झंडी; 9 फरवरी को वापसी
By Dinesh chourasiya
अयोध्या में नवनिर्मित रामलला मंदिर के दर्शन के लिए 7 फरवरी बुधवार को दुर्ग रेलवे स्टेशन से आस्था स्पेशल ट्रेन श्रद्धालुओं की दूसरी खेप को लेकर रवाना होगी। इस ट्रेन को प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।







दुर्ग जिला भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा ने बताया कि यात्रा के लिए ट्रेन प्रभारी अजय तिवारी को बनाया गया है। इस स्पेशल ट्रेन में दुर्ग संभाग के सभी 8 जिलों से 1,344 दर्शनार्थियों का पंजीयन किया गया है। ट्रेन में सुरक्षा प्रहरी और IRCTC के कर्मचारी भी यात्रा के दौरान मौजूद रहेंगे।
पंजीकृत यात्रियों के अलावा और कोई भी व्यक्ति ट्रेन में यात्रा नहीं कर सकेगा। भाजपा ने हरेक कोच के लिए एक प्रभारी भी नियुक्त किया है, जो अपने कोच के सभी यात्रियों की सेवा और सुविधा का ध्यान रखेंगे। सभी पंजीकृत यात्रियों को उनकी टिकट कन्फर्म होने के संबंध में व्यक्तिगत रूप से सूचित किया जा चुका है।




आधार कार्ड की जांच के बाद बोगी में दिया जाएगा बैठने
7 फरवरी को सुबह साढ़े 9:30 बजे सभी पंजीकृत यात्री रेलवे स्टेशन पहुंचेंगे। इसके बाद उनके आधार कार्ड का सत्यापन किया जाएगा। उसके बाद उनका टिकट रेलवे स्टेशन में ही देकर उन्हें बोगी में बैठने दिया जाएगा।
9 फरवरी को दुर्ग वापसी की ट्रेन
राम मंदिर दर्शन समिति के जिला संयोजक सुरेंद्र कौशिक और राजेन्द्र कुमार पाध्ये ने बताया कि 7 फरवरी को रवाना होने वाली आस्था स्पेशल ट्रेन अगले दिन 8 फरवरी को सुबह 10:35 बजे अयोध्या पहुंचेगी। इसके बाद 9 फरवरी की शाम 7:55 बजे ट्रेन अयोध्या से दुर्ग के लिए रवाना होगी।
भोजन के लिए नहीं देनी होगी अतिरिक्त राशि
ट्रेन में यात्रा के दौरान भोजन के लिए कोई अतिरिक्त राशि नहीं देनी होगी। अयोध्या पहुंचने के बाद दर्शनार्थियों के रुकने, भोजन और स्थानीय मंदिरों के दर्शन के लिए परिवहन की व्यवस्था निःशुल्क रहेगी ।
उपमुख्यमंत्री सहित कई मंत्री और विधायक दिखाएंगे हरी झंडी
दुर्ग से रवना होने वाली आस्था स्पेशल ट्रेन को हरी झंडी छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा दिखाएंगे। इस दौरान उनके साथ खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, प्रदेश यात्रा प्रमुख धरमलाल कौशिक, प्रदेश यात्रा सह प्रमुख वीरेंद्र श्रीवास्तव, विधायक ललित चंद्राकर, डोमन लाल कोरसेवाड़ा, गजेंद्र यादव, रिकेश सेन, ईश्वर साहू, दीपेश साहू, भावना बोहरा के साथ-साथ संभाग के सभी वरिष्ठ भाजपा नेता विशेष रूप से मौजूद रहेंगे।




