भिलाई में ठग को पकड़ने डिलिवरी ब्वाय बनी दुर्ग पुलिस झारखंड : पार्सल देने के बहाने पहुंची पुलिस साइबर ठग को दबोचा
By Dinesh chourasiya

दुर्ग पुलिस ने एक साइबर ठग को उसकी चाल से मात दे दी। साइबर ठग ने बैंक अधिकारी बनकर सेक्टर 10 निवासी कविता दुबे से तीन लाख रुपए की ठगी की। इसके बाद दुर्ग पुलिस उसे पकड़ने के लिए झारखंड पहुंची। वहां वो डिलिवरी ब्वाय बनकर पार्सल देने के बहाने आरोपी तक पहुंची और जैसे ही आरोपी ने पार्सल लिया उसे पुलिस ने धर दबोचा।







दुर्ग पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक सेक्टर 10 भिलाई निवासी कविता दुबे ने एक जनवरी 2024 को भिलाई नगर थाने में ठगी का मामला दर्ज कराया था। उसने बताया कि उसके मोबाइल पर एक अंजान व्यक्ति का कॉल आया था। उसने उसे खुद को एसबीआई बैंक अधिकारी बताया। इसके बाद उसने केवायसी अपडेट करने के बहाने उसे एक लिंक भेजा। लिंक ओपन करने पर एसबीआई का फर्जी उसी से मिलता जुलता पेज खुल गया।
कविता दुबे पेज देखकर झांसे में आ गई। इसके बाद कॉलर ने उससे उसी पेज पर उसका खाता क्रमांक और उससे जुड़ी जानकारी अपडेट करवाई। इसके बाद उनसे ओटीपी मांगा। ओटीपी बताते ही कविता दुबे के खाते से तीन लाख रुपए कट गए। रुपए कटने का मैसेज देखकर कविता को यकीन हो गया कि उसके साथ साइबर ठगी हुई है। इसके बाद वो तुरंत भिलाई नगर थाने पहुंची और मामला दर्ज कराया।




एसएसपी दुर्ग ने विशेष टीम को भेजा झारखंड
भिलाई नगर थाना प्रभारी मनोज प्रजापति जब उन्होंने जानकारी जुटाई तो पता चला कि कॉलर झारखंड के देवघर जिले के दिलीपत्थर गांव का रहने वाला है। तुरंत एससीसीयू दुर्ग और भिलाई नगर पुलिस की टीम को देवघर भेजा गया। वहां बुढैर पुलिस और लोकल सूत्रों के माध्यम से आरोपी की पहचान की गई। इसके बाद दुर्ग पुलिस का अधिकारी डिलिवरी ब्वाय बनकर आरोपी के घर पहुंचा। जैसे ही आरोपी ने डिलिवरी को लिया पुलिस ने उसे धर दबोचा। इसके बाद उसका रिमांड लिया गया और उसे लेकर दुर्ग लाया गया।
घर में मौजूद रिश्तेदारों ने किया हमला करने का प्रयास
पुलिस ने जैकी मंडल को फोन करके डिलिवरी देने की बात कहते हुए बाहर बुलाया। जब जैकी बाहर आया तो उसने कहा कि वो उसका पार्सल नहीं है। इस दौरान पुलिस ने उसे उलझाए रखा और उनकी टीम वहां पहुंच गई। जैकी दरवाजा बंद करने लगा तो पुलिस अधिकारी ने उसे धर दबोचा। जैकी के शोर मचाते हुए घर में मौजूद उसके परिजनों ने पर्सल ब्वाय पर हमला करने की कोशिश की, लेकिन दूसरे पुलिस वालों ने पहुंच कर उन्हें रोका। इसके बाद लोकल पुलिस की सहायता से उसे गिरफ्तार कर ले जाया गया।
पुलिस ने खाता कराया होल्ड, बज गए 2.50 लाख रुपए
दुर्ग एसएसएसपी राम गोपाल गर्ग ने तुरंत पुलिस अधिकारियों को खाता होल्ड कराने का निर्देश दिया। पता करने पर खाता जैकी मंडल (27 साल) के नाम पर निकला। इसके बाद बैंक को मेल करके उसका खाता होल्ड कराया गया। ऐसा करने से कविता दुबे के खाते से कटे 3 लाख रुपए में से ढाई लाख रुपए को बचा लिया गया।
झारखंड गई टीम में ये पुलिस अधिकारी और कर्मचारी रहे शामिल
झारखंड पहुंची पुलिस की टीम में उप निरीक्षक भागवत ठाकुर, आरक्षक शहबाज खान, पन्ने लाल, अनिल गुप्ता, टेक्निकल टीम से एसआई मन्नू लाल यादव, प्रधान आरक्षक चंद्रशेखर बंजीर, विजय शुक्ला, आरक्षक जावेद खान, आरती सिंह और विक्रांत यदु शामिल रहे।




