अयोध्या राम मंदिर दर्शन के लिए भाजपा ने बनाई जिलास्तरीय कमेटी:25 जनवरी से 25 मार्च के बीच हर लोकसभा क्षेत्र से जाएंगे 6000 से अधिक भक्त
By Dinesh chourasiya

उत्तर प्रदेश के अयोध्या में रामलला का मंदिर बनकर लगभग तैयार हो गया है। 22 जनवरी को एक भव्य उद्घाटन कार्यक्रम के साथ ही ये मंदिर सभी भक्तों के लिए खोल दिया जाएगा। छत्तीसगढ़ से अधिक से अधिक भक्त अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन कर सकें, इसके लिए भाजपा ने एक जिला स्तरीय कमेटी बनाई है।
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राम दर्शन के लिए देशवासियों को निमंत्रण दिया है। इसके लिए छत्तीसगढ़ भाजपा ने कमर कस ली है। भाजपा ने हर लोकसभा क्षेत्र से 6 हजार से अधिक लोगों को अयोध्या भेजने का निर्णय लिया है। भाजपा के दुर्ग जिलाध्यक्ष जितेंद्र वर्मा ने दुर्ग से लोगों के भेजने के लिए 5 सदस्यीय कमेटी बनाई है, जो लोगों को भेजने का प्रबंध करेंगे।







प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 जनवरी 2024 को अयोध्या में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा करेंगे। इस अविस्मरणीय और ऐतिहासिक क्षण के बाद अयोध्या दर्शन का भव्य कार्यक्रम शुरू हो जाएगा। 25 जनवरी से 25 मार्च 2024 तक अयोध्या दर्शन होना है। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार हरेक जिले में अयोध्या दर्शन समिति का गठन किया जा रहा है।
इसके तहत दुर्ग जिला भाजपा प्रभारी राजीव अग्रवाल की सहमति से दुर्ग जिला भाजपा अध्यक्ष जितेन्द्र वर्मा ने दुर्ग जिला अयोध्या दर्शन की समिति घोषित कर दी है। इस समिति का संयोजक सुरेन्द्र कौशिक को बनाया गया है। इसमें राजेन्द्र कुमार पाध्ये, दिलीप साहू, अमिता बंजारे, जयश्री राजपूत को सदस्य के रूप में रखा गया है।
मंडल स्तर पर भी बनेगी समिति




भाजपा के दुर्ग जिला भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा ने बताया कि जिला समिति बनने के बाद मंडल स्तर पर भी समिति बनेगी। अयोध्या दर्शन के लिए प्रदेश स्तर पर बनी समिति के मार्गदर्शन में जिला समिति और मंडल समिति काम करेगी। हर लोकसभा क्षेत्र से 6,000 लोग अयोध्या दर्शन के लिए भेजे जाएंगे। इसके संबंध में विस्तृत गाइडलाइन जल्द ही जारी की जाएगी।




