Uncategorized

छत्तीसगढ़ में बस-ट्रक ड्राइवरों की हड़ताल:पेट्रोल-डीजल, LPG की सप्लाई रुकने पर कार्यवाही का आदेश जारी; पंप पर लगी लंबी लाइन

By Dinesh chourasiya

छत्तीसगढ़ में सोमवार से बस और ट्रक ड्राइवर हड़ताल पर चले गए। इसके चलते अधिकतर जिलों में बसों और ट्रकों के पहिए थमे रहे। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, सरगुजा, जगदलपुर सहित अन्य जिलों में स्टैंड से बसें नहीं निकली हैं। वहीं हाईवे पर ट्रक खड़ा कर चालकों ने जाम लगा दिया। इस बीच अगर पेट्रोल-डीजल, LPG की सप्लाई रुकती है तो कार्रवाई के आदेश जारी कर दिए गए हैं।

वहीं पेट्रोल डीजल नहीं मिलने के डर से रायपुर के सभी पेट्रोल पंप पर लंबी लाइन लाइन लग गई है। इधर हड़ताल के बीच सरगुजा और बस्तर में अन्य वाहनों के चालकों के साथ झड़प भी हुई है। हालांकि मौके पर पहुंचकर पुलिस ने स्थिति को संभाल लिया। यह चालक देश में लागू हुए नए हिट एंड रन कानून का विरोध कर रहे हैं।

पेट्रोल-डीजल और LPG की सप्लाई जारी रखने का आदेश

हड़ताल के बीच एक आदेश खाद्य, नागरिक आपूर्ति विभाग की ओर से जारी किया गया है। संचालक जितेंद्र शुक्ला ने आदेश जारी कर कहा है कि, पेट्रोल-डीजल और LPG की सप्लाई को प्रभावित नहीं किया जा सकता। यह अति आवश्यक वस्तुओं में शामिल है। सभी जिलों के कलेक्टर्स को इनकी सप्लाई जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

आदेश में यह भी कहा गया है कि, डिपो से गाड़ियों के आने-जाने को रोकने वाले हड़ताल कर रहे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। इसके लिए राजस्व पुलिस की ड्यूटी लगाने को कहा गया है। सभी टोल नाकों पर जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं। जिले में पदस्थ ऑइल कर्मचारियों के साथ पेट्रोल-डीजल LPG की सप्लाई को मॉनिटरिंग करने के लिए जिला स्तरीय निगरानी टीम बनाई जाए।

जारी रहेगी हड़ताल

बस्तर-कोरापुट ट्रक एसोसिएशन के संरक्षक जसबीर सिंह ढिल्लन ने बताया कि बस और ट्रक चालकों की ये हड़ताल कल भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा- ड्राइवर्स स्ट्राइक मंगलवार को भी जारी रखेंगे। आने वाले एक दो दिनों तक भी आंदोलन चल सकता है। पेट्रोल, सब्जी, दूध की सप्लाई पर असर पड़ेगा। हम भी ड्राइवर्स काे ऐसी हालत में गाड़ी ले जाने नहीं कह पा रहे, हम उनकी मांगों का समर्थन करते हैं। सरकार को जल्द से जल्द कानून में बदलाव की ओर विचार करना चाहिए।

जगदलपुर में BPS (बस्तर परिवहन संघ) के सदस्य सड़क पर उतर गए हैं।
बिलासपुर जिले में भी ट्रक चालकों की हड़ताल।
पेंड्रा के दुर्गा चौक और सेमरा तिराहे पर चालकों ने नए कानून के विरोध में प्रदर्शन शुरू किया।

रायपुर : यात्रियों को बस से उतारा, गाली-गलौज

  • रायपुर के भाटागांव स्थित बस स्टैंड पर पहुंचे यात्रियों को बस ड्राइवर लौटाने लगे। कुछ बस चालक यात्रियों को बैठाकर आगे बढ़ने लगे। ये देख दूसरे बस चालकों ने विवाद कर दिया। जबरदस्ती यात्रियों को बस से बाहर निकाला गया, गाली-गलौज भी की गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया।
  • भाटागांव बस स्टैंड से करीब 200 से अधिक बसें संचालित होती हैं। बस स्टैंड पर चल रहे बवाल के बीच रायपुर के रिंग रोड नंबर 4 पर ट्रक ड्राइवरों ने हंगामा कर दिया। उन्होंने अपने ट्रक सड़क पर लगा दिए और रोड पर बैठकर नारेबाजी करने लगे। इससे लंबा जाम लग गया।
रायपुर में कुछ बस चालक यात्रियों को बैठाकर आगे बढ़ने लगे तो अन्य चालकों ने जबरदस्ती यात्रियों को बस से बाहर निकाला दिया और गाली-गलौज भी की।

‘CG में 2 लाख ट्रक चलते हैं’
जसबीर ढिल्लन ने बताया कि प्रदेश में 2 लाख ट्रक चलते हैं। इनका काम सिर्फ प्रदेश में ऑपरेट करना नहीं होता बल्कि ये प्रदेश से बाहर एक्सपोर्ट इम्पोर्ट का सबसे बड़ा जरिया हैं। 4 से 5 लाख सिर्फ ड्राइवर और हेल्पर ही इस काम से जुड़े हैं। ट्रांसपोर्ट कंपनियों में और भी स्टाफ होते हैं। लगभग 10 लाख के आस-पास कर्मचारियों का काम प्रभावित हो रहा है। पूरे प्रदेश में जरूरी चीजों की सप्लाई न होने की वजह से आने वाले दो-तीन दिनों में आम लोगों को और भी किल्लत होगी।

रायपुर के रिंग रोड नंबर चार पर ट्रक ड्राइवरों ने जाम लगाकर हंगामा किया। इस दौरान वाहनों की लाइन लगी रही।

दुर्ग : अहिवारा-कवर्धा मार्ग पर लगाया जाम

  • दुर्ग में जेके लक्ष्मी सीमेंट प्लांट में लगे ट्रक ड्राइवरों ने अहिरवारा से कवर्धा जाने वाले मार्ग पर जाम लगा दिया। उन्होंने अपने ट्रक बीच सड़क पर खड़े कर दिए। इसके चलते दोनों ओर से वाहनों की कतार लग गई। पुलिस ने पहुंचकर मामला संभाला और करीब एक घंटे बाद जाम खुलवाया।
  • ट्रक चालकों ने का कहना है कि वो लोग कम पढ़े-लिखे हैं। उनकी पहुंच केंद्र सरकार तक नहीं है, इसलिए उन्होंने चक्का जाम किया है। इससे बड़े लोग परेशान होंगे, तो वो लोग उनकी आवाज को सरकार तक पहुंचाएंगे। उन्होंने कार और बाइक चालकों से कहा कि ये कानून उन पर भी लागू होता है, इसलिए साथ दें।

बस्तर : ट्रक चालकों की टैक्सी चालकों से झड़प

  • जगदलपुर में BPS (बस्तर परिवहन संघ) के सदस्य सड़क पर उतरे हैं। नया साल होने के कारण बसों में यात्रियों का दबाव अधिक है। हड़ताल से लंबी दूरी से लेकर लोकल बसों के भी पहिए थमे हैं। हड़ताल का फायदा उठाकर यात्रियों को बैठने के लिए पहुंचे टैक्सी और चार पहिया वाहन चालकों से बस ड्राइवरों की झड़प भी हुई।

बिलासपुर : रतनपुर हाईवे जाम, कहा- ऐसा कानून नहीं चाहिए

  • बिलासपुर में बस और ट्रक के ड्राइवर हड़ताल पर हैं। उन्होंने रतनपुर हाईवे पर वाहन खड़े कर दिए और विरोध-प्रदर्शन किया। चालकों ने कहा कि वह रोजाना करीब 400 रुपए कमाते हैं। हादसे में इस तरह से जुर्माना और सजा होगी, तो परिवार भुखमरी की कगार पर आ जाएगा। ऐसा कानून न लाया जाए।

सरगुजा : बाहर से आने वाले यात्री वाहनों को रोका गया

  • मुख्यालय अंबिकापुर सहित पूरे सरगुजा संभाग में दोपहर बाद चक्काजाम खत्म हो सका। सुबह से ही ड्राइवरों ने ट्रकों, टैंकरों और कैप्सूल वाहनों को चौक-चौराहों पर खड़ा कर सभी मुख्यमार्गों को जाम कर दिया। इस दौरान चालकों ने खुलेआम गुंडागर्दी की। बाहर से आने वाले यात्री भी परेशान रहे।
  • चालकों ने अंबिकापुर रिंग रोड, गांधी चौक, बिलासपुर चौक, खरसिया नाका, रामानुजगंज नाका, अंबेडकर चौक और सभी मुख्य चौक पर गाड़ियों को बेतरतीब खड़ा कर दिया। बाहर से यात्रियों को लेकर आने वाले वाहनों को भी बाहर ही रोक दिया गया।
सरगुजा के बिलासपुर चौक पर ट्रक खड़े कर जाम लगा दिया गया। इसके चलते तमाम वाहन चालक परेशान होते रहे। बाहर से आने वाले वाहनों को भी रोक दिया गया है।

GPM : रेलवे स्टेशन तक नहीं पहुंच पा रहे लोग

  • गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में ड्राइवर संघ ने प्रदर्शन और चक्काजाम कर दिया। पेंड्रा के दुर्गा चौक और सेमरा तिराहा में चालकों ने नए कानून के विरोध में प्रदर्शन शुरू किया, जिसके चलते शहर के मुख्य चौक पर जाम की स्थिति बन गई। वही पेंड्रारोड रेलवे स्टेशन जाने वाले वाहनों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

बलौदाबाजार : बाई पास रोड पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जाम खुलवा दिया है, लेकिन ड्राइवरों का विरोध प्रदर्शन जारी है।

कोरबा: इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के डीलर्स को सामग्री आपूर्ति करने वाले अनुबंध टैंकर चालकों ने कामकाज शुरू कर दिया है। पुलिस अधीक्षक जितेंद्र शुक्ला के समझाने के बाद टैंकर चालक अपने काम पर लौट आए। गोपालपुर स्थित इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के टर्मिनल से विभिन्न जिलों के डीलर्स को डीजल पेट्रोल की आपूर्ति की जा रही है।

महासमुंद : नए साल में बस और ट्रक चालकों ने परिचालन बंद कर दिया है। इससे यात्रियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं परिवहन विभाग के अफसर भी बिना सूचना के चालकों हड़ताल पर जाने से असमंजस में हैं और उच्च अधिकारियों से मार्गदर्शन लेने की बात कह रहे हैं।

Related Articles

Back to top button