Uncategorized

छत्तीसगढ़ के इस जेल के बैरक से टायलेट शीट के नीचे से मिला मोबाइल-गांजा 4 प्रहरियों सस्पेंड

By Dinesh chourasiya

अंबिकापुर सेंट्रल जेल में कुख्यात अपराधी कुलदीप साहू और दीपक नेपाली के बैरक से मोबाइल और गांजा मिला है। कुलदीप साहू सूरजपुर के हेड कॉन्स्टेबल की पत्नी और बेटी की हत्या का मुख्य आरोपी है। वहीं दीपक नेपाली दुर्ग का कुख्यात बदमाश है।

मामले में 4 प्रहरियों को गुरुवार को सस्पेंड कर दिया गया है। शुक्रवार को सरगुजा कलेक्टर विलास भोस्कर और SP योगेश पटेल सेंट्रल जेल पहुंचे और जांच की।

सरगुजा कलेक्टर विलास भोस्कर और SP योगेश पटेल सेंट्रल जेल निरीक्षण के लिए पहुंचे।

टॉयलेट सीट में मिला मोबाइल-गांजा

जानकारी के मुताबिक, अंबिकापुर सेंट्रल जेल में उच्च सुरक्षा वार्ड में संदिग्ध गतिविधि की सूचना प्रहरियों से मिलने के बाद 17 मार्च को बैरक की जांच की गई। इस हाई प्रोफाइल बैरक में सूरजपुर में दोहरे हत्याकांड का आरोपी कुलदीप साहू और दुर्ग के कुख्यात बदमाश दीपक नेपाली को रखा गया है।

बैरक के टॉयलेट सीट में मोबाइल और गांजा छिपाकर रखा गया था।

कलेक्टर-एसपी पहुंचे सेंट्रल जेल

मामला सामने आने के बाद शुक्रवार को सरगुजा कलेक्टर विलास भोस्कर और SP योगेश पटेल पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ सेंट्रल जेल पहुंचे। अधिकारियों ने सेंट्रल जेल के उच्च सुरक्षा बैरक की जांच की। जेल के सुरक्षा प्रबंध को लेकर भी जेल अधीक्षक योगेश सिंह और अन्य अधिकारियों से बात की।

सेंट्रल जेल में सुबह पहुंचा अधिकारियों का दल।

एसपी बोले- सुरक्षा मानकों की जांच हुई

सरगुजा एसपी योगेश पटेल ने कहा कि कलेक्टर और पुलिस अधिकारी जेल के सुरक्षा मानकों को देखने पहुंचे थे। जेल में मोबाइल और गांजा मिलने की जांच की जा रही है।

अपराधियों तक कैसे पहुंचा अय्याशी का सामान

सेंट्रल जेल में उच्च सुरक्षा बैरक वह बैरक है, जहां कुख्यात अपराधियों को कड़ी निगरानी में रखा जाता है। इस बैरक तक मोबाइल और गांजा कैसे पहुंचा, इसकी जांच की जा रही है। जेल अधीक्षक योगेश सिंह ने कहा कि मोबाइल और गांजा मुलाकातियों के माध्यम से या जेल के किसी कर्मी के माध्यम से पहुंच सकता है।

पेशी के दौरान भी मोबाइल और गांजा उन तक पहुंच सकता है। इसकी जांच की जा रही है।

लापरवाही के आरोप में 4 प्रहरी सस्पेंड

जेल अधीक्षक ने बताया कि मोबाइल और गांजा को जेल प्रबंधन ने ही पकड़ा है। मामले की जांच के दौरान लापरवाही के आरोप में 3 प्रहरियों को 20 मार्च को सस्पेंड किया है। जिन प्रहरियों को सस्पेंड किया गया है, उनमें भूपेंद्र सिंह अयाम, नरेंद्र वर्मा और अरूण कश्यप शामिल हैं।

जानिए कौन है कुलदीप साहू

कुख्यात आरोपी कुलदीप साहू सूरजपुर के हेड कॉन्स्टेबल की पत्नी और बेटी की नृशंस हत्या करने का आरोपी है। हत्याकांड के बाद आक्रोशित लोगों ने उसके घर में आग लगा दी थी और सूरजपुर में पूरे दिन प्रदर्शन हुआ था।

मामले को लेकर पूरे प्रदेश में बवाल हुआ था। आरोपी की एनकाउंटर की मांग उठ रही थी। उसे झारखंड से अंबिकापुर आते हुए बलरामपुर में गिरफ्तार किया गया था। उसे सुरक्षा के मद्देनजर अंबिकापुर के सेंट्रल जेल में ट्रांसफर किया गया है। कुलदीप साहू को पहले भी जेल में सुविधा मिलने की बात सामने आई थी। हालांकि इसकी तस्दीक नहीं हो पाई थी।

दीपक नेपाली भी अंबिकापुर किया गया है शिफ्ट

दुर्ग का कुख्यात बदमाश दीपक नेपाली को कोर्ट के आदेश पर अंबिकापुर के सेंट्रल जेल में शिफ्ट किया गया है। दीपक नेपाली महादेव सट्टा एप में भूमिका को लेकर चर्चा में आया था। हालांकि उसके खिलाफ पहले से भी कई अपराध दर्ज हैं।

………………

Related Articles

Back to top button