देश-विदेशराजनीति

नर्मदा नदी में बस गिरने से 13 यात्रियों की मौत, पीएम मोदी, मुख्यमंत्री शिवराज, सीएम भूपेश ने जताया दुख

खरगोन: मध्यप्रदेश के खरगोन जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। जहां एक बस नर्मदा नदी में गिर गई। हादसे में 13 यात्रियों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बस में 40 से ज्यादा यात्री सवार थे।

जानकारी के मुताबिक एक यात्री बस सोमवार को इंदौर से महाराष्ट्र जा रही थी। इस दौरान खरगोन और धार जिले के बॉर्डर के पास बस अनियंत्रित होकर नर्मदा नदी में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। वहीं जिला कलेक्टर और एसपी भी घटना स्थल के लिए रवाना हुए।

नदी से बस निकाल ली गई है, वहीं अब तक 13 शव निकाले जा चुके हैं। अभी राहत और बचाव कार्य जारी है। हादसे पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दुख जताया है। इसके साथ ही सीएम शिवराज ने बस दुर्घटना में मृतकों के परिवारजनों को 4-4 लाख रुपए की राहत राशि देने की घोषणा की है।

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताते हुए कहा कि मध्य प्रदेश के धार में हुआ बस हादसा दुखद है। मेरी संवेदनाएं उनके साथ हैं जिन्होंने अपनों को खोया है। बचाव कार्य जारी है और स्थानीय अधिकारी प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं। हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों को पीएमएनआरएफ की ओर से 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने धार और खरगोन के बॉर्डर पर नर्मदा नदी में बस के गिर जाने से हुई 13 यात्रियों की मौत पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए हादसे में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।

Related Articles

Back to top button