भिलाई में गांजा तस्करों से सांठगांठ. पुलिस आरक्षक सस्पेंड आरोपियों को मदद पहुंचाने का आरोप; पुरानी भिलाई थाने में पदस्थ था
By Dinesh chourasiya

दुर्ग जिले में गांजा तस्करों से सांठगांठ के आरोपी आरक्षक को सस्पेंड किया गया है। पुरानी भिलाई थाने में पदस्थ आरक्षक विजय धुरंधर पर NDPS प्रकरण में आरोपियों को सहयोग पहुंचाने का आरोप है। एसपी जितेंद्र शुक्ला ने ये कार्रवाई की है।
जानकारी के मुताबिक पुरानी भिलाई पुलिस ने पुरैना बस्ती में 30 मार्च को कार्रवाई करते हुए दो युवकों को 13 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया था। जब आरोपियों से पूछताछ की गई और उनकी कॉल डिटेल को खंगाला गया तो पता चला कि आरक्षक विजय धुरंधर उनके टच में था।








इतना ही कार्रवाई के समय भी उसने आरोपियों को सूचना देकर अलर्ट करने की कोशिश की। इस संदेह के चलते दुर्ग एसपी जितेंद्र शुक्ला ने उसे सस्पेंड करते हुए पुलिस लाइन में अटैच किया है। निलंबन अवधि में आरक्षक क्रमांक 1654 विजय धुरंधर को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।
2 प्रधान आरक्षक सहित डीएसपी पर हो चुकी है कार्रवाई
20 दिन पहले ही दुर्ग एसपी ने ऐसे ही एक गांजा के प्रकरण में आरोपियों से लेनदेन को लेकर ACCU में पदस्थ दो प्रधान आरक्षक शगीर अहमद खान और अजय गलोत को सस्पेंड किया था। इतना ही नहीं इस मामले में डीएसपी क्राइम हेम प्रकाश नायक को भी वहां से हटा दिया गया था।




एसपी ने गांजा के प्रकरण में आरोपियों को लाभ पहुंचाने की संदिग्ध भूमिका के चलते इन्हें नोटिस जारी किया था। नोटिस का सही जवाब ना मिल पाने के बाद उन्होंने 11 मार्च को यह कार्रवाई की थी।




