Uncategorized

दुर्ग जिले में अनियंत्रित-कार गड्ढे में गिरी, भिलाई के 2 युवक की मौत:लहराकर गाड़ी चला रहा था दोस्त, लापरवाही से हादसा; 1 घायल, कवर्धा से लौटते वक्त हादसा के शिकार हुए 

By Dinesh chourasiya

सड़क हादसे में भिलाई के रहने वाले दो दोस्तों की मौत हो गई। - Dainik Bhaskar

दुर्ग जिले के भिलाई में सड़क हादसे में दो दोस्तों की जान चली गई। 19 सितंबर को तीन दोस्त कार पर सवार होकर कवर्धा घूमने गए थे। उसी रात लौट रहे थे। तभी 9 बजे ग्राम बड़े पूरदा के पास लिटिया-बोरी मार्ग पर उनकी गाड़ी का बैलेंस बिगड़ा और गड्ढे में जा गिरी।

मामला बोरी थाना क्षेत्र का है। हादसे में मौके पर ही 2 युवकों की जान चली गई। जो दोस्त गाड़ी चला रहा था, वह भी घायल हुआ है। बताया जा रहा है कार की स्पीड बहुत ज्यादा थी, ड्राइवर कार लहरा कर चला रहा था। जिससे गाड़ी का बैलेंस बिगड़ा। वहीं पुलिस ने घायल दीपक सिंह को इस घटना का दोषी बनाया है।

हादसा इतना भयानक था की गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

कवर्धा घूमकर लौट रहे थे तीनों दोस्त पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान आशीष चौधरी और ए. रविश कुमार के रूप में हुई है। दोनों भिलाई के रहने वाले थे। हादसे के वक्त कार को दीपक सिंह चला रहा था, जो घायल है।

बताया गया कि तीनों दोस्त 19 सितंबर को दोपहर करीब 2 बजे भिलाई से स्विफ्ट कार (सीजी 08 एएन 3214) में सवार होकर घूमने के लिए कवर्धा गए थे। वहां से लौटते समय देर रात हादसा हुआ।

देर रात 9 बजे हुआ हादसा

बोरी पुलिस ने बताया कि तेज रफ्तार और लहराकर गाड़ी चलाने के कारण वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया था और सड़क किनारे बने गड्ढे में जा गिरा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पीछे बैठे आशीष चौधरी और रविश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। कार ड्राइवर दीपक सिंह को भी चोटें आईं, लेकिन वह बच गया।

मौके पर बेसुध पड़े मिले दोनों युवक

सूचना मिलने के बाद तत्काल ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकाला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चालक खतरनाक तरीके से गाड़ी चला रहा था।

कार की रफ्तार देखकर लग रहा था कि कभी भी हादसा हो सकता है। जब वाहन गड्ढे में गिरा, तो दोनों युवक बेसुध हो चुके थे और उन्हें गंभीर चोटें आई थीं।

अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को सीएचसी अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि आशीष चौधरी और रविश कुमार की हालत बेहद गंभीर है। कुछ देर के बाद दोनों की मौत हो गई। कार चालक दीपक सिंह की स्थिति स्थिर बताई गई।

पुलिस ने दर्ज किया केस

20 सितंबर को रिंकू सिंह की रिपोर्ट पर बोरी पुलिस ने कार चालक दीपक सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया है। उस पर धारा 105-BNS (लापरवाही से मृत्यु कारित करना), 184-LKS (खतरनाक ड्राइविंग) और 185-LKS (शराब पीकर वाहन चलाना) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

इलाके में गमगीन माहौल

हादसे की खबर जैसे ही परिवार वालों को मिली, दोनों युवकों के परिवारों में कोहराम मच गया। दोस्तों का कहना है कि दोनों बेहद मिलनसार और हंसमुख स्वभाव के थे। अचानक हुए इस हादसे ने सभी को स्तब्ध कर दिया है।

दुर्ग-बोरी मार्ग पर हादसों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। तेज रफ्तार और नशे में वाहन चलाना इसका प्रमुख कारण बताया जाता हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस को ऐसे लापरवाह चालकों के खिलाफ और सख्ती से कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि सड़क पर अनमोल जिंदगियां बचाई जा सकें।

Related Articles

Back to top button