CG आकांक्षा-टोप्पो के खिलाफ FIR, भाजपा नेता पर भी केस BJP नेता और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के विवाद के बाद थाने में हंगामा
By Dinesh chourasiya
अंबिकापुर में रविवार को भाजपा नेता धीरज सिंह और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो के बीच विवाद के बाद थाने में जमकर हंगामा हुआ। पुलिस ने आकांक्षा टोप्पो की शिकायत पर धीरज सिंह के खिलाफ धमकाने और एसटी-एससी एक्ट के तहत केस दर्ज किया।







FIR के बाद देर शाम बड़ी संख्या में भाजपा नेता थाने पहुंच गए और आकांक्षा टोप्पो और अकील अहमद के खिलाफ भी केस दर्ज करने की मांग की। इसके बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ भी केस दर्ज कर लिया। इस दौरान भाजपा नेताओं ने थाने में हंगामा किया और धीरज सिंह को थाने से बाहर ले आए।

कलाकेंद्र मैदान के पास हुआ विवाद




जानकारी के मुताबिक, अंबिकापुर के कलाकेंद्र मैदान के पास रविवार को धीरज सिंह और आकांक्षा टोप्पो के बीच विवाद हुआ था। आकांक्षा टोप्पो ने धीरज सिंह पर हमला करने की कोशिश का आरोप लगाया। इसके बाद वह कलेक्ट्रेट चौक स्थित एक होटल पहुंच गई।
सूचना मिलने पर CSP राहुल बंसल कलेक्ट्रेट चौक पहुंचे। पुलिस धीरज सिंह को गाड़ी में बैठाकर थाने ले गई। इसकी जानकारी मिलते ही भाजपा नेता दीपक यादव, रविंद्र तिवारी, कैश मोहम्मद समेत अन्य कार्यकर्ता थाने पहुंच गए और हंगामा करने लगे।
भाजपा नेता के खिलाफ दर्ज हुई FIR
आकांक्षा टोप्पो के आवेदन पर कोतवाली पुलिस ने भाजपा नेता धीरज सिंह के खिलाफ जातिगत गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में FIR दर्ज की है। पुलिस ने धीरज सिंह के खिलाफ धारा 296, 351(1), 78(1) और एसटी-एससी एक्ट की धारा 3(1) के तहत अपराध दर्ज किया है।
आकांक्षा टोप्पो और अकील अहमद के खिलाफ भी FIR
भाजपा नेता धीरज सिंह के खिलाफ FIR दर्ज होने की सूचना के बाद देर शाम बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक थाने पहुंच गए। उन्होंने आकांक्षा टोप्पो और अकील अहमद के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की।
भाजपा नेता शैलेंद्र शर्मा ने इससे पहले दोनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर सरगुजा आईजी को ज्ञापन सौंपा था। उन्होंने आरोप लगाया था कि दोनों ने सोशल मीडिया पर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाले वीडियो और पोस्ट किए हैं।
पुलिस ने शैलेंद्र शर्मा के आवेदन पर कार्रवाई करते हुए आकांक्षा टोप्पो और अकील अहमद के खिलाफ धारा 196(1), 352 और 353(2) के तहत अपराध दर्ज किया है। दोनों पर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने और राजनेताओं के खिलाफ सोशल मीडिया पर विवादित वीडियो व पोस्ट डालने का आरोप है




