साजा में 6 गौवंश से भरी पिकअप पकड़ाई:बाइक से आगे चल रहा था तस्कर, 4 गिरफ्तार
By Dinesh chourasiya

बेमेतरा जिले के साजा थाना पुलिस ने गौवंश के अवैध परिवहन के मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पिकअप से 6 गौवंश बरामद किए हैं। मौके से एक पिकअप और एक बाइक भी जब्त की गई है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 2.85 लाख रुपए बताई गई है।







पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर की रात गौसेवक नरेश यादव को सूचना मिली थी कि पिकअप में गौवंश भरकर मोहलाई की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना पर नरेश अपने साथियों के साथ ग्राम परसबोड़ चौक पहुंचा।




रात करीब 10 बजे CG 09 JG 4714 नंबर की पिकअप को रोककर जांच की गई। वाहन में 6 कम उम्र के गौवंश मिले। पिकअप में चालक समेत तीन लोग सवार थे, जबकि एक व्यक्ति CG 09 JU 3294 नंबर की बाइक से वाहन के आगे चल रहा था।
बिना चारा-पानी के ले जा रहे थे गौवंश
पूछताछ में पिकअप चालक ने अपना नाम जगजीवन अनंत बताया। उसके साथ सुन्दर सिंह यादव और गिरवेश पटले थे। बाइक चालक की पहचान रामबगस वलके के रूप में हुई।
पुलिस के मुताबिक, गौवंश को पर्याप्त चारा-पानी के बिना क्रूरतापूर्वक ले जाया जा रहा था। मामले में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(1)(घ) के तहत केस दर्ज किया गया।
पूछताछ में अपराध कबूला, चारों गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने गौवंश के अवैध परिवहन की बात स्वीकार की। इसके बाद 10 सितंबर को चारों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया।
2.85 लाख की संपत्ति जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 35 हजार रुपए कीमत के 6 गौवंश, 2 लाख रुपए की पिकअप और 50 हजार रुपए की बाइक जब्त की है। कुल जब्त संपत्ति की कीमत करीब 2 लाख 85 हजार रुपए बताई गई है





