भिलाई में एसी रिपेरिंग के बहाने घर से सोने चांदी आभूषण चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, ₹1.50 लाख के चोरी गए आभूषण बरामद
By Dinesh chourasiya








दिनांक 31.07.2026 को प्रार्थी मनोज अग्रवाल निवासी थाना सुपेला क्षेत्र द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उनके घर में मरम्मत कार्य चल रहा था। दिनांक 25.07.2026 को उनकी पत्नी मंजु अग्रवाल ने घर के बेडरूम में रखे एक छोटे पैकेट में रखे सोने एवं चांदी के आभूषण गायब होने की जानकारी दी। परिजनों द्वारा घर में काफी तलाश करने के बावजूद आभूषण नहीं मिले।
रिपोर्ट में बताया गया कि दिनांक 21.07.2026 को एसी मरम्मत के लिए आशुतोष साव नामक एसी मैकेनिक दो दिनों तक उनके घर में कार्य करने आया था। घटना के बाद उससे संपर्क करने का प्रयास किया गया, किंतु वह लगातार बहाने बनाकर मिलने से बचता रहा, जिससे उस पर चोरी का संदेह हुआ।




रिपोर्ट पर थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 1089/2026 धारा 331(4), 305(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम द्वारा आरोपी आशुतोष साव के निवास आईएसएचडीपी आवास, जवाहर नगर पहुंचकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए चोरी किए गए आभूषणों का पैकेट पुलिस के समक्ष प्रस्तुत किया। बरामद मशरूका को विधिवत जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया तथा न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया।
आरोपी एसी मरम्मत कार्य के बहाने प्रार्थी के घर पहुंचा। कार्य के दौरान घर के कमरों में आने-जाने का अवसर प्राप्त होने पर उसने बेडरूम में रखे आभूषणों के पैकेट को चोरी कर अपने कब्जे में रख लिया। बाद में संदेह होने पर प्रार्थी द्वारा संपर्क किए जाने पर आरोपी लगातार बहाने बनाकर बचने का प्रयास करता रहा।
आरोपी का नाम :
1. आशुतोष साव, उम्र 29 वर्ष, निवासी ब्लॉक-2/10, आईएसएचडीपी आवास, जवाहर नगर, थाना वैशाली नगर, जिला दुर्ग।
जप्त सामान
1. 02 नग सोने की अंगूठी (पुखराज एवं मूंगा जड़ित)
2. 03 नग चांदी की अंगूठी (मोती, जामुनिया एवं गोमेद जड़ित)
3. 01 जोड़ी सोने की छोटी बाली (हीरे के नग जड़ित)
कुल अनुमानित कीमत : लगभग ₹1,50,000/-






