भिलाई में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट गाड़ी हटाने की बात पर ईंट-पत्थर और रॉड से हमला वेंटिलेटर पर युवक
By Dinesh chourasiya

भिलाई-3 के पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र स्थित डबरापारा में बुधवार देर रात गाड़ी हटाने की बात को लेकर शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में खूनी संघर्ष में बदल गया। पुलिस के मुताबिक रास्ते में खड़ी पिकअप वाहन को हटाने को लेकर दो पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर लोहे की रॉड, डंडे, पत्थरों और हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया।








इस हमले में नीलेश साहू, उनके भाई तेजराम उर्फ तेजा साहू समेत परिवार के अन्य लोग घायल हो गए। सबसे ज्यादा चोट नीलेश साहू के सिर पर लगी है। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है। वहीं तेजराम साहू का अस्पताल के आईसीयू में इलाज चल रहा है।





घटना रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच पहले से भी विवाद चलता आ रहा था। इसी वजह से गाड़ी हटाने जैसी छोटी बात ने अचानक बड़ा रूप ले लिया। देखते ही देखते दोनों परिवार आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई। हमले के दौरान गली में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह बीच-बचाव किया। इसके बाद घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
वेंटिलेटर पर है युवक घायलों को पहले भिलाई के शास्त्री अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर रूप से घायल नीलेश साहू को वेंटिलेटर पर रखा गया। डॉक्टर लगातार उनकी हालत पर नजर बनाए हुए हैं। तेजराम उर्फ तेजा साहू को आईसीयू में भर्ती किया गया है। परिवार के अन्य घायलों का भी इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुरानी भिलाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की। मामले में आरोपियों को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश का मामला भी सामने आया है।
पुलिस ने दर्ज किया अपराध पुलिस के मुताबिक पूजा साहू की शिकायत पर सोहन वर्मा, मोहन वर्मा, राजा और उनके साथियों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ पूरी होने के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि रास्ते में खड़ी पिकअप वाहन हटाने को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद आरोपियों ने मिलकर पूजा साहू, उनके पति नीलेश साहू, भाई तेजराम साहू और परिवार के अन्य सदस्य पर हमला किया। सभी को सिर और शरीर के दूसरे हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना से जुड़े सभी तथ्य सामने आ सकें। वहीं इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, लेकिन पुलिस की मौजूदगी के कारण स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।






