बाबाधाम जाने वाले कांवड़ियों के लिए खुशखबरी:बिलासपुर जोन 1 से 30 अगस्त तक चला रहा श्रावणी स्पेशल ट्रेन, सैकड़ों सीटें खाली
By Dinesh chourasiya

श्रावण माह में बाबाधाम (देवघर) जाने वाले शिव भक्तों की सुविधा के लिए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल ने श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। श्रद्धालुओं की यात्रा 30 जुलाई से शुरू होगी, जबकि विशेष ट्रेन का संचालन 1 अगस्त से 30 अगस्त तक किया जाएगा। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए प्रत्येक फेरे में उपलब्ध खाली बर्थ की जानकारी भी जारी की है, ताकि समय रहते आरक्षण कराया जा सके।







रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 08895/08896 नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी-मधुपुर-नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी श्रावणी मेला साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 1 अगस्त से 30 अगस्त तक कुल 5-5 फेरे लगाएगी।
इन स्टेशनों पर होगा ठहराव




यह स्पेशल ट्रेन इतवारी, गोंदिया, डोंगरगढ़, राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर, भाटापारा, बिलासपुर, चांपा, रायगढ़, बेलपहाड़ और ब्रजराजनगर स्टेशनों पर रुकेगी। इन सभी स्टेशनों से यात्री टिकट बुक करा सकते हैं।
जाने वाली ट्रेन (08895) में उपलब्ध सीटें
रेलवे द्वारा 27 जुलाई तक जारी आंकड़ों के अनुसार-
- 1 अगस्त: एसी-III में 94, स्लीपर में 176 सीटें खाली
- 8 अगस्त: एसी-III में 126, स्लीपर में 285 सीटें
- 15 अगस्त: एसी-III में 149, स्लीपर में 390 सीटें
- 22 अगस्त: एसी-III में 143, स्लीपर में 414 सीटें
- 29 अगस्त: एसी-III में 154, स्लीपर में 428 सीटें उपलब्ध
वापसी ट्रेन (08896) में भी पर्याप्त सीटें
मधुपुर से नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी लौटने वाली ट्रेन में भी बड़ी संख्या में सीटें उपलब्ध हैं-
- 2 अगस्त: एसी-III में 127, स्लीपर में 438 सीटें
- 9 अगस्त: एसी-III में 117, स्लीपर में 445 सीटें
- 16 अगस्त: एसी-III में 146, स्लीपर में 478 सीटें
- 23 अगस्त: एसी-III में 173, स्लीपर में 511 सीटें
- 30 अगस्त: एसी-III में 171, स्लीपर में 515 सीटें उपलब्ध
रेलवे प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि यात्रा के दौरान किसी भी असुविधा से बचने के लिए समय रहते अपना आरक्षण करा लें। श्रावणी मेले के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए यह विशेष ट्रेन चलाई जा रही है।




