रायपुर में खम्हारडीह थाने के बाहर कांग्रेस का प्रदर्शन:12 कांग्रेसियों पर FIR मामले में प्रदर्शन बीजेपी पर काउंटर FIR दर्ज कराने पहुंचे कांग्रेसी
By Dinesh chourasiya
रायपुर में बुधवार को भाजपा और कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान जमकर बवाल हुआ। पुलिसकर्मियों के घायल होने पर 12 नामजद और कई अज्ञात कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ गैर-जमानती धाराओं पर FIR दर्ज की गई। अब इसके विरोध में प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज समेत कई नेता खम्हारडीह थाने में बीजेपी पर काउंटर FIR दर्ज कराने पहुंचे हैं।







थाने के बाहर बैठकर कांग्रेसी प्रदर्शन कर रहे हैं, जबकि बैज समेत कई नेता अंदर पुलिस अधिकारियों से चर्चा कर रहे हैं। कांग्रेस ने कहा कि, जितने मंत्री, विधायक और कार्यकर्ता आए, उन पर भी काउंटर FIR दर्ज हो। दीपक बैज ने कहा कि, वो पत्थर मारेंगे, तो हम पुलिस के भरोसे बैठे रहेंगे क्या ?




इससे पहले, प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि, हम चुप बैठने वाले नहीं हैं, हमने चूड़ियां नहीं पहनी हैं। बीजेपी की यह कार्रवाई पूरी तरह से बदले की भावना से प्रेरित है। कांग्रेस इस कानूनी और राजनीतिक कार्रवाई का मुंहतोड़ जवाब देगी।
वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर लिखा कि, कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर सुनियोजित हमला किया गया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि, भाजपा सरकार कुछ ही महीनों की मेहमान है।
थाने के बाहर नारेबाजी करते कांग्रेस कार्यकर्ता
जब तक FIR नहीं करते, तब तक यहां से नहीं जाएंगे- सुबोध हरितवाल
पहली बार हमने देखा मंत्री घेराव करने आए थे- प्रमोद दुबे
मंत्री और विधायकों पर भी दर्ज हो FIR, इन्होंने भीड़ को उकसाया- विकास उपाध्याय
पूर्व कांग्रेस विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि, डिप्टी सीएम अरुण साव, मंत्री टंकराम वर्मा, विधायक राजेश मूरत, सुनील सोनी, अनुज शर्मा समेत कई मंत्री-विधायक यहां मौजूद थे। सबकी वीडियो क्लिपिंग है। इन्होंने भीड़ को उकसाया और हमारे तरफ भेजने का काम किया। उनके खिलाफ भी FIR हो






