
कलेक्टर जनदर्शन में सुनी गई आम लोगों की समस्याएं संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के दिए निर्देश
क्राइम रिपोर्टर रितेश कुमार की खबर








रितेश कुमार क्राइम रिपोर्टर (पत्रकार)




बालोद, 15 जून 2026।
कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार अपर कलेक्टर श्री अजय किशोर लकरा, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती मधुहर्ष एवं डिप्टी कलेक्टर श्री आशीष पेंद्रो ने आज संयुक्त जिला कार्यालय स्थित जनदर्शन कक्ष में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों से आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याओं एवं मांगों को सुना।
इस दौरान अधिकारियों ने आवेदकों से प्राप्त आवेदनों की जानकारी लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को तलब किया तथा समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजनों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है।
जनदर्शन में ग्राम खुरसुल के ग्रामीणों ने पेयजल समस्या के निराकरण के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। वहीं ग्राम टेकापार के सरपंच ने नहर नाली से अतिक्रमण हटाने की मांग रखी। ग्राम अमोरा निवासी श्री ओमप्रकाश ने खेत के ऊपर से गुजर रहे विद्युत तार को हटाने तथा ग्राम कोड़ेकसा के श्री कोमेश ने जन्म प्रमाण पत्र में सुधार कराने हेतु आवेदन दिया।
इसी प्रकार खुरसुल निवासी त्रिवेणी ने विद्युत मीटर लगाने, ग्राम कांडे की श्रीमती मोतिन बाई ने आबादी भूमि का पट्टा प्रदान करने तथा ग्राम गुरेदा के श्री बेनीराम ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) का लाभ दिलाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया।
अधिकारियों ने सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई कर आवेदकों की समस्याओं का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।




