भिलाई के खुर्सीपार में बहन से छेड़छाड़ के विवाद में युवक की चाकू मारकर हत्या
By Dinesh chourasiya

भिलाई में एक युवक की हत्या कर दी गई। बहन से कथित छेड़छाड़ को लेकर हुए विवाद के बाद वारदात को अंजाम दिया गया। युवक अपने दोस्त को घर छोड़ने जा रहा था, तभी आरोपी ने दोनों पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।







घटना खुर्सीपार थाना क्षेत्र के बालाजी नगर का है। जानकारी के मुताबिक 25 अप्रैल की रात करीब 9:30 रजत कुशवाहा अपने दोस्त सुनील को बाइक से घर छोड़ने जा रहा था। इस दौरान आरोपी गोलू सिंह ने दोनों पर अटैक कर दिया, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।




दोनों को अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां इलाज के दौरान सोमवार को रजत ने दम तोड़ दिया। जबकि दोस्त सुनील का इलाज जारी है। पुलिस ने मामले में पहले ही आरोपी गोलू सिंह को गिरफ्तार कर लिया था। अब रजत की मौत के बाद पुलिस मामले में हत्या की धारा जोड़ने की कार्रवाई कर रही है।
एफआईआर में बीच-बचाव की बात
वहीं एफआईआर के अनुसार रजत और उसका साथी बालाजी नगर में गांधी विद्यालय के पास पहुंचे थे, तभी उन्होंने देखा कि गोलू सिंह एक लड़के को बैट से मार रहा है। रजत और सुनील ने बीच-बचाव करते हुए उसे रोकने की कोशिश की।
इसी बात पर आरोपी भड़क गया और गाली-गलौज करने लगा। इसके बाद उसने चाकू निकाल लिया और दोनों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में रजत के पेट और सीने में गंभीर चोटें आईं, जबकि सुनील के सीने, पेट और पीठ पर वार किए गए।
स्पर्श अस्पताल में भर्ती कराया
घटना के बाद आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को तत्काल सुपेला के शासकीय अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रामनगर स्थित स्पर्श अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इस मामले में सीएसपी छावनी प्रशांत पैकरा ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई कानून के मुताबिक की जाएगी।




