Uncategorized

भिलाई में विधायक देवेंद्र यादव ने निकाली 1000 कदम मौन पदयात्रा:बीएसपी प्रबंधन के फैसलों का किया विरोध; 30 दिन में समाधान नहीं हुआ तो इस्पात भवन घेराव की चेतावनी

By Dinesh chourasiya

भिलाई में भिलाई बचाओ आंदोलन के दूसरे चरण के तहत रविवार को भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव के नेतृत्व में सैकड़ों टाउनशिपवासी सड़क पर उतरे। सिविक सेंटर पार्किंग से लेकर 25 मिलियन सेक्टर-5 चौक तक 1000 कदम की मौन पदयात्रा निकाली गई। इस पदयात्रा के जरिए बीएसपी सेल प्रबंधन के फैसलों का विरोध किया गया।

पदयात्रा में बड़ी संख्या में बीएसपी के सेवानिवृत्त कर्मचारी, लीजधारी, सिविक सेंटर और टाउनशिप के व्यापारी, रिटेंशन धारकों के परिवार, बच्चे और बुजुर्ग शामिल हुए। सभी लोगों ने विधायक देवेंद्र यादव के साथ लगभग एक किलोमीटर तक शांतिपूर्वक पदयात्रा कर अपना विरोध दर्ज कराया।पदयात्रा के बाद कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा गया।

मौन पदयात्रा में बड़ी संख्या में कांग्रेस के नेता हुए शामिल।

प्रबंधन पर लगाया वादाखिलाफी का आरोप विधायक देवेंद्र यादव ने ज्ञापन में 24 दिसंबर 2025 को बीएसपी प्रबंधन के अधिकारियों के साथ हुई बैठक का जिक्र करते हुए कहा गया कि उस समय लोगों के हित से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा हुई थी। प्रबंधन ने समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। विधायक देवेंद्र यादव ने कहा कि टाउनशिप के रहवासियों, लीजधारियों और व्यापारियों को लगातार परेशान किया जा रहा है। किराया वृद्धि, रिटेंशन स्कीम और अन्य योजनाओं के कारण लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भिलाई को बसाने में वर्षों लगे हैं और अब इसे बचाने के लिए सभी को एकजुट होकर लड़ाई लड़नी होगी।

चौक पर विधायक देवेंद्र ने सभा को संबोधित किया और अफसरों को ज्ञापन सौंपा।

इस्पात भवन का घेराव करने की चेतावनी देवेंद्र ने बीएसपी प्रबंधन को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर 30 दिन के अंदर जनहित में निर्णय नहीं लिया गया, तो इस्पात भवन का घेराव किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण है, लेकिन लोगों के हक के लिए हर जरूरी कदम उठाया जाएगा। विधायक ने कहा कि भिलाई बचाओ आंदोलन का उद्देश्य टाउनशिप की बसाहट, व्यापार और रहवासियों के अधिकारों को बचाना है। जब तक लोगों की समस्याओं का समाधान नहीं होगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button