
भिलाई के कुरूद-जामुल में ही बनेगा 60 करोड़ की लागत से प्रस्तावित बायोगैस प्लांट
By Dinesh chourasiya







छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के दौरान वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन द्वारा पूछे गए एक प्रश्न का उत्तर देते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्पष्ट किया है कि नगर निगम भिलाई द्वारा जामुल (कुरूद) के पास प्रस्तावित बायोगैस/ बायोफ्यूल प्लांट के स्थल परिवर्तन का कोई प्रस्ताव वर्तमान में विचाराधीन नहीं है और यह प्लांट निर्धारित स्थल पर ही स्थापित किया जाएगा। इस परियोजना की अनुमानित लागत 60 करोड़ है। यह प्लांट प्रतिदिन 130 टन नगरीय ठोस अपशिष्ट का प्रसंस्करण करने में सक्षम होगा। बता दें कि इस परियोजना के लिए जामुल और कुरूद में कुल 5.5 एकड़ भूमि का चयन किया गया है, जिसका लीज डीड पंजीयन 11 दिसंबर 2025 को निष्पादित किया जा चुका है।
प्लांट निर्माण को लेकर स्थानीय लोगों के विरोध पर सदन में विधायक रिकेश द्वारा स्थानीय निवासियों की सहमति और जनसुनवाई के संबंध में पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने बताया कि स्थल चयन की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रही है। लीज डीड के पंजीयन से पूर्व 14 नवंबर 2025 को कलेक्टर न्यायालय दुर्ग द्वारा शाम 5 बजे बाकायदा जनसुनवाई की गई थी। विधायक द्वारा प्लांट को किसी अन्य निर्जन स्थान पर स्थानांतरित करने के सुझाव पर सरकार ने रुख साफ कर दिया है। सीएम ने सदन को बताया कि वर्तमान प्रस्तावित स्थल की उपयोगिता की पुष्टि कलेक्टर, जिला दुर्ग द्वारा 5 दिसंबर 2025 को जारी राजस्व आदेश के माध्यम से की जा चुकी है।




