भिलाई में स्मृति चौकी-प्रभारी लाइन अटैच, हाईकोर्ट ने आचरण की जांच के दिए थे DGP को निर्देश सड़क से लेकर चौकी तक व्यापारी की पिटाई का मामला बिना FIR के जेल भेजा
By Dinesh chourasiya

दुर्ग जिले के स्मृतिनगर चौकी प्रभारी उप निरीक्षक गुरविंदर सिंह संधु को एसपी ने बुधवार को चौकी से हटाकर रक्षित केंद्र भेज दिया है। यह प्रशासनिक कार्रवाई ऐसे समय में हुई है, जब कुछ दिन पहले ही छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने उनके आचरण की जांच करवाने के निर्देश पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को दिए थे।
गुरविंदर सिंह पर हाल ही में दो व्यवसायियों के साथ गलत और मनमानी तरीके कार्रवाई के गंभीर आरोप लगे हैं। जिसके बाद यह कार्रवाई की गई है। उनकी जगह भिलाई भट्टी थाना प्रभारी राजेश कुमार साहू को जिम्मेदारी सौंपी गई है।







हाईकोर्ट ने स्मृतिनगर चौकी प्रभारी गुरविंदर सिंह संधु के आचरण की उपयुक्त स्तर पर जांच करवाने और आवश्यकता पड़ने पर सुधारात्मक-अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश डीजीपी को दिए थे। व्यवसायी सुजीत साव समेत 4 लोगों ने कोर्ट में याचिका दायर की थी। व्यवसायी को महिला से छेड़छाड़ और मारपीट के मामले में गिरफ्तार किया गया और चौकी में लाकर मारपीट की।
जेल भेजने के पहले हथकड़ी लगाकर सड़कों पर जुलूस निकाला गया। फिर रात 9 बजे जेल दाखिल कराया गया। कोर्ट ने सुजीत साव के प्रकरण में पाया कि एसआई गुरिंदर सिंह सिद्धू ने गलत कार्रवाई की।
इसके बाद कोर्ट ने डीजीपी को निर्देशित किया था कि एसआई के आचरण की उपयुक्त स्तर पर जांच कराएं। यदि आवश्यक हो तो विधि के अनुरूप आवश्यक सुधारात्मक और अनुशासनात्मक कार्रवाई करें।




स्मृति नगर चौकी के भिलाई में एक होटल कारोबारी पर गलत कार्रवाई की गई। पहले जांच के नाम पर होटल में दबिश दी गई। होटल मालिक को उसकी मां के सामने ही पुलिस ने पीटा। सरकारी कार्य में बाधा का आरोप लगाकर बिना एफआईआर के जेल भेज दिया।
चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा और जस्टिस रविंद्र कुमार अग्रवाल की डिवीजन बेंच ने इस मामले में राज्य सरकार को 1 लाख रुपए मुआवजा देने का आदेश दिया है। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि जांच के बाद यह राशि दोषी अफसरों से वसूली जा सकती है।
साथ ही गृह विभाग के सचिव को निर्देश दिए गए कि पुलिस बल को मानवाधिकारों के प्रति संवेदनशील बनाया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
एसएसपी ने लाइन अटैच कर चौकी प्रभारी बदला
इन दोनों मामलों में हाईकोर्ट की सख्त टिप्पणियों और जांच के निर्देशों के बाद स्मृतिनगर चौकी प्रभारी को हटाया जाना महज संयोग नहीं माना जा रहा। पुलिस महकमे में इसे जवाबदेही तय करने की दिशा में अहम कदम के रूप में देखा जा रहा है। दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल ने बुधवार को आदेश जारी कर स्मृति नगर चौकी प्रभारी गुरविंदर सिंह संधु को लाइन अटैच कर दिया है।
उनकी जगह भिलाई भट्टी थाना प्रभारी राजेश कुमार साहू को स्मृति नगर चौकी का जिम्मा सौंपा गया है। जारी आदेश के मुताबिक निरीक्षक प्रकाश कांत, जो वर्तमान में यातायात शाखा में पदस्थ थे, उन्हें थाना प्रभारी भिलाई भट्टी के पद पर पदस्थ किया गया है।





