Uncategorized

भिलाई में नहर के अंदर मिला युवक का शव:शराब के नशे में फिसलकर गिरने से मौत की आशंका, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

By Dinesh chourasiya

भिलाई में ट्रांसपोर्ट नगर छोटी पुलिया के पास स्थित नहर में मंगलवार सुबह एक व्यक्ति का शव मिली है। सुबह करीब 8 बजे स्थानीय लोगों ने नहर के पानी के अंदर औंधे मुंह पड़े शव को देखा। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकलवाया गया। घटना भिलाई-3 थाना इलाके की है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान खुर्सीपार गौतम नगर निवासी सतीश प्रसाद (44) के रूप में हुई है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सुपेला अस्पताल की मॉर्चुरी में रखवाया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है। जिससे पता चल सके कि वो नहर तक कैसे पहुंचा और घटना किन परिस्थितियों में हुई।

घटना स्थल पर लगी लोगों की भीड़।

शराब का आदि बताया जा रहा युवक

भिलाई-3 थाना प्रभारी अंबर सिंह ने बताया कि, प्रारंभिक पूछताछ और जानकारी के आधार पर युवक शराब पीने का आदी बताया जा रहा है। वह अक्सर शराब के नशे में घर से बाहर निकल जाता था और कहीं भी गिरकर पड़ा रहता था।

आशंका जताई जा रही है कि रविवार रात या सोमवार तड़के शराब के नशे में नहर के पास चलते समय उसका पैर फिसल गया, जिससे वह नहर में गिर पड़ा और गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई।

सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक की टीम भी मौके पर पहुंची।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति होगी स्पष्ट

हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पुलिस ने हत्या जैसी स्थिति से इनकार किया है। शराब के नशे में फिसलने से ही मौत की जानकारी सामने आ रही है।

Related Articles

Back to top button