Uncategorized

छत्तीसगढ़ समेत 10 राज्यों में ED की रेड:रायपुर में दस्तावेजों की जांच, CBI ने 3 डॉक्टर समेत 6 आरोपियों को किया था पहले गिरफ़्तार  मेडिकल-कॉलेज स्कैम से जुड़ा है मामला 

By Dinesh chourasiya

छत्तीसगढ़ समेत 10 राज्यों में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने 15 से ज्यादा ठिकानों पर छापेमारी की है। मेडिकल कॉलेज स्कैम मामले में यह कार्रवाई की गई है। दिल्ली से पहुंची ED की टीम रायपुर के प्राइवेट मेडिकल कॉलेज में जांच कर रही है। यह कार्रवाई केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की 30 जून को दर्ज की गई एक FIR से जुड़ी है। इस केस में 3 डॉक्टर्स समेत 6 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई थी।

FIR में आरोप है कि नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) के कुछ अधिकारी और अन्य सरकारी कर्मचारी रिश्वत लेकर मेडिकल कॉलेजों को इंस्पेक्शन से जुड़ी गोपनीय जानकारी लीक करते थे। इस जानकारी की मदद से मेडिकल कॉलेजों के कुछ मैनेजर और बिचौलिए पैरामीटर्स में हेरफेर करते थे। इसी के जरिए कॉलेज अकादमिक कोर्स की मंजूरी हासिल कर लेते थे।

ED की तलाशी जिन स्थानों पर चल रही है, उनमें अलग-अलग राज्यों के 7 मेडिकल कॉलेज, और FIR में नामित कई व्यक्तियों के ठिकाने शामिल हैं। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में कार्रवाई हुई है।

5 महीने पहले CBI​​​​​ ने की थी​​ देशभर में छापेमारी

CBI ने सोमवार को कर्नाटक, राजस्थान, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और मध्य प्रदेश में 40 से अधिक ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य जब्त किए गए। CBI के अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी निरीक्षण प्रक्रिया को प्रभावित करने के लिए विभिन्न रणनीतियों का इस्तेमाल कर रहे थे।

3 डॉक्टरों समेत 6 की हुई थी गिरफ्तारी

केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने मेडिकल कॉलेज की मान्यता रिपोर्ट को अनुकूल बनाने के लिए रिश्वत लेने के आरोप में 3 डॉक्टरों समेत 6 लोगों को गिरफ्तार किया था। इस स्कैम में छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर स्थित श्री रावतपुरा सरकार इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च का नाम भी जुड़ा है।

CBI की जांच के अनुसार नवा रायपुर स्थित श्री रावतपुरा सरकार मेडिकल कॉलेज (SRIMSR) के पक्ष में रिपोर्ट बनाने मामले में राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) की टीम ने हवाला के जरिए 55 लाख रुपए की रिश्वत ली है। गिरफ्तार आरोपियों में डॉ. मंजप्पा सीएन, डॉ. चैत्रा एमएस, डॉ. अशोक शेलके, अतुल कुमार तिवारी, सथीशा ए और रविचंद्र के. शामिल हैं।

Related Articles

Back to top button