Uncategorized

CG में बेटे ने अपने पिता को डंडे-मुक्के से मारा, मौत:घर में तड़पते रहे, कोई इलाज नहीं कराया; 30 घंटे बाद निकली जान

By Dinesh chourasiya

बलरामपुर जिले में एक बेटे ने अपने पिता को इतना पीटा की उनकी जान चली गई। 22 अक्टूबर की सुबह ग्राम रेहड़ा में दोनों के बीच शराब पीने और काम नहीं करने को लेकर विवाद हुआ था। जिसके बाद बेटे ने अपने पिता को डंडे और मुक्के से मारा और गंभीर घायल छोड़कर भाग निकला।

मामला कुसमी थाना क्षेत्र का है। मां ने बीच बचाव की कोशिश की तो मां को भी धक्का दे दिया। घायल ग्रामीण घर में ही पड़ा रहा और परिजनों ने उसका इलाज भी नहीं कराया। जिससे वह तड़पता रहा। घटना के 30 घंटे बाद 24 अक्टूबर की सुबह उसने दम तोड़ दिया।

डंडे और हाथ-मुक्के से मारा

जानकारी के मुताबिक, ग्राम रेहड़ा निवासी पतेश्वर नाग (48 साल) 22 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे शराब के नशे में घर पहुंचा। उसके बेटे राकेश नाग ने शराब पीने और काम नहीं करने को लेकर टोका तो दोनों के बीच विवाद हो गया।

विवाद बढ़ने पर राकेश नाग ने डंडे एवं हाथ-मुक्के से पिता पतेश्वर नाग की बेदम पिटाई कर दी। राकेश नाग की मां झालो ने बीच-बचाव की कोशिश की और बेटे को रोका, तो राकेश ने उसे भी धक्का दे दिया, जिससे वह दूर जा गिरी।

नहीं कराया इलाज, घर में हो गई मौत

मारपीट से पतेश्वर नाग गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया तो राकेश नाग भाग गया। परिजनों ने डर से पतेश्वर नाग का इलाज नहीं कराया। वह घर में ही तड़पता रहा। 24 अक्टूबर की सुबह उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना कुसमी पुलिस को दी गई। पुलिस ने मामले में आरोपी बेटे राकेश नाग के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने शुक्रवार को शव का पोस्टमॉर्टम कराया एवं शव परिजनों को सौंप दिया है।

मामले में कुसमी पुलिस आरोपी राकेश नाग की तलाश कर रही है। वह पुलिस गिरफ्त से बाहर है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button