Uncategorized

बीजापुर में नक्सलियों ने BJP कार्यकर्ता को मार डाला:रस्सी से गला घोटा; पर्चा जारी कर लिखा- हमारी जानकारी पुलिस को देता था

By Dinesh chourasiya

बीजापुर जिले में नक्सलियों ने रस्सी से गला घोंटकर भाजपा कार्यकर्ता की हत्या कर दी। घटना सोमवार (13 अक्टूबर) की रात की है। मृतक सत्यम पुनेम मुजालकांकेर का रहने वाला था। वह भाजपा का कार्यकर्ता भी था। मामला इलमिडी थाना क्षेत्र का है।

नक्सलियों ने सत्यम पुनेम पर मुखबिरी का शक जताते हुए इस वारदात को अंजाम दिया। हत्या के बाद माओवादियों ने घटनास्थल पर मुखबिरी का आरोप लिखे पर्चे भी छोड़े हैं। जिसमें उन्होंने लिखा है कि पुनेम पुलिस अधिकारियों तक उनकी जानकारी पहुंचाता था।

शव मिलने की सूचना पर इलमिडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बता दें कि पिछले 6 दिनों में ये तीसरी हत्या है। इससे पहले माओवादियों ने 2 ग्रामीणों की भी हत्या की थी।

पहली घटना- युवक को उतारा मौत के घाट

पहली घटना 9 अक्टूबर की है, जब पामेड़ थाना क्षेत्र के उड़तामल्ला गांव में नक्सलियों ने ग्रामीण कुमार पोडियम की हत्या कर दी थी। सूत्रों के अनुसार, कुछ सशस्त्र नक्सली गांव में पहुंचे और ग्रामीण को घर से बाहर बुलाकर उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक पर पुलिस की मुखबिरी करने का आरोप लगाया गया था।

दूसरी घटना- धारधार हथियारों से मारा

इसके घटना के दो दिन बाद, 11 अक्टूबर की रात उसूर थाना क्षेत्र के कमलापुर गांव में नक्सलियों ने एक और ग्रामीण गुड्डू सोड़ी की हत्या कर दी। देर रात नक्सलियों का एक जत्था गांव में पहुंचा और गुड्डू सोड़ी को घर से बाहर निकालकर धारधार हथियारों से हत्या कर दी। वारदात के बाद गांव में दहशत फैल गई।

ग्रामीण गुड्डू सोड़ी की धारदार हथियार से नक्सलियों ने हत्या कर दी।

इससे पहले 28 सितंबर को मारे थे

इससे पहले, 28 सितंबर को बीजापुर में नक्सलियों ने एक युवक की हत्या कर दी थी। 27 साल का सुरेश कोरसा मनकेली पटेलपारा में रहता था। देर रात नक्सलियों ने अंधेरे का फायदा उठाकर सुरेश कोरसा अगवा कर मार डाला।

25 साल में 1820 से ज्यादा हत्याएं

बता दें कि, नक्सलियों ने छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद से लेकर अब तक यानी पिछले 25 सालों में बस्तर के अलग-अलग जिलों में 1820 से ज्यादा लोगों की हत्या हुई है। इनमें आम नागरिक समेत जनप्रतिनिधि भी शामिल हैं। सबसे ज्यादा हत्या बीजापुर जिले में ही हुई है।

………………….

Related Articles

Back to top button