दुर्ग में 6 मंदिरों के दानपेटी के ताले तोड़े , सातवें मंदिर में चोरी करने की कोशिश में पकड़ाए दो चोर
By Dinesh chourasiya

पद्मनाभपुर पुलिस ने मंदिरों में चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आदर्श द्विवेदी (19) और पवन साहू (18), दोनों कादम्बरी नगर, थाना मोहन नगर के रहने वाले हैं। आरोपियों ने थाना पद्मनाभपुर क्षेत्र समेत छह मंदिरों में चोरी करना स्वीकार किया है। आरोपी एक के बाद एक 6 मंदिरों में चोरी कर चुके हैं। लोहे के रॉड से आरोपी दानपेटी तोड़कर पैसे निकाल लेते थे।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जेल तिराहा देवांगन होटल के पास दो युवक चोरी की योजना बना रहे हैं। टीम ने मौके पर दबिश देकर दोनों को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने कसारीडीह स्थित राधा कृष्ण हनुमान मंदिर से 3500 रुपए, बोरसी हाट बाजार के शनिदेव मंदिर से 3000 रुपए, कोहका चौक स्थित राम जानकी मंदिर से 10 हजार रुपए, तीन दर्शन मंदिर से 6 हजार रुपए, हनुमान मंदिर से चिल्लर पैसे और नेहरू नगर के शिव मंदिर से चिल्लर चोरी करना कबूला।







पुलिस ने आरोपियों से चोरी में इस्तेमाल की गई बाइक और लोहे का रॉड भी जब्त किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 313/25 और 314/25 धारा 331(4), 305(1), 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई और न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। बताया जा रहा है कि आदर्श द्विवेदी पहले भी मंदिर चोरी के मामले में जेल जा चुका है। इस कार्रवाई में पद्मनाभपुर थाना और एसीसीयू टीम की अहम भूमिका रही।




