
छत्तीसगढ़ शराब घोटाला केस में भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की आज कोर्ट में पेशी, ED मांग सकती है रिमांड:2 महीने से जेल में है बंद; 16.7 करोड़ की मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप
By Dinesh chourasiya
छत्तीसगढ़ के पूर्व CM भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की 14 दिन की रिमांड खत्म हो रही है। आज रायपुर जेल से रायपुर पीएमएलए स्पेशल कोर्ट में पेश किया जाएगा। सुनवाई के दौरान प्रवर्तन निदेशालय बघेल की रिमांड आगे बढ़ाने की मांग कर सकता है।
बता दें कि, चैतन्य बघेल को ED ने पिछले 18 जुलाई को गिरफ्तार किया था। जिसके बाद वो 2 महीने से जेल में बंद हैं।







चैतन्य को 16.70 करोड़ रुपए मिले- ED
दरअसल, शराब घोटाला और मनी लॉन्ड्रिंग केस में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने चैतन्य बघेल को भी आरोपी बनाया है। आरोप है कि शराब घोटाले की रकम से चैतन्य को 16.70 करोड़ रुपए मिले हैं।
ED के मुताबिक शराब घोटाले से मिले ब्लैक मनी को रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स में इन्वेस्ट किया गया। ब्लैक मनी को वाइट करने के लिए फर्जी निवेश दिखाया गया है। साथ ही सिंडिकेट के साथ मिलकर 1000 करोड़ रुपए की हैंडलिंग (हेराफेरी) की गई है।




चैतन्य के प्रोजेक्ट में 13-15 करोड़ इन्वेस्ट
ED ने अपनी जांच में पाया कि, चैतन्य बघेल के विट्ठल ग्रीन प्रोजेक्ट (बघेल डेवलपर्स) में घोटाले के पैसे को इन्वेस्ट किया गया है। इस प्रोजेक्ट से जुड़े अकाउंटेंट के ठिकानों पर छापेमारी कर ED ने रिकॉर्ड जब्त किए थे।
प्रोजेक्ट के कंसल्टेंट राजेन्द्र जैन ने बताया कि इस प्रोजेक्ट में वास्तविक खर्च 13-15 करोड़ था। जबकि रिकॉर्ड में 7.14 करोड़ ही दिखाया गया। जब्त डिजिटल डिवाइसेस से पता चला कि, बघेल की कंपनी ने एक ठेकेदार को 4.2 करोड़ कैश पेमेंट किया गया, जो रिकॉर्ड में नहीं दिखाया गया।




