
CG में मिली मां-बेटी की लाश.जहर देकर मारने की आशंका:भाई को राखी बांधने आई थी
By Dinesh chourasiya
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मां-बेटी की संदिग्ध परिस्थतियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बलौदाबाजार से रक्षाबंधन में अपने भाई को राखी बांधने आई थी। इस दौरान उसकी बेटी और बेटा भी मौजूद थे। जहर देकर मारने की आशंका जताई जा रही है। मामला तिल्दा के खरोरा थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के मुताबिक मृतिका का नाम 55 वर्षीय बिंद बाई चतुर्वेदी परसाडीह (बलौदाबाजार) की रहने वाली थीं, जबकि 30 वर्षीय बेटी उषा मनहरे तिल्दा में रहती थी। बिंद बाई अपने भाई के घर ग्राम पचरी राखी बांधने आई थीं, जहां यह घटना हुई।







जानिए क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, पचरी गांव में भाई-बहन समेत परिवार के कई लोग 9 अगस्त की शाम को रक्षाबंधन त्योहार मना रहे थे। इसी दौरान बिंद बाई चतुर्वेदी और उनकी 30 वर्षीय बेटी उषा मनहरे घर में तड़प रही थी। इसी बीच बिंद बाई का बेटा तालाब से वापस लौटा। इस दौरान मां और बहन को जमीन पर तड़पते देखा।
मृतिका के बेटे ने आनन-फानन में पड़ोसियों को बुलाया और एक स्थानीय डॉक्टर को जानकारी दी। डॉक्टर मौके पर पहुंचे, लेकिन मामले की स्थिति और पीड़ितों की हालत को देखते हुए इलाज करने से मना कर दिया। उस समय घर में मृतका का भाई मौजूद नहीं था।




भाई के घर में सुबह से हो रहा था विवाद
पड़ोसियों के मुताबिक, घर में सुबह से ही झगड़े की आवाजें सुनाई दे रही थीं। हालांकि झगड़े का कारण स्पष्ट नहीं है। पुलिस को आशंका है कि विवाद का इस घटना से संबंध हो सकता है। जहर देकर मारने की भी आशंका जताई जा रही है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज
खरोरा थाना के टीआई कृष्णा कुशवाहा ने बताया कि प्रथम दृष्टया जहर से मौत की आशंका है। हांलाकि यह स्पष्ट नहीं है कि हत्या के कारण मौत हुई या आत्महत्या की वजह से। मौत की वजह जानने के लिए लाशों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह साफ हो पाएगी।




