दुर्ग में बाढ़ में फंसे लोगों को , बचाने कूदा युवक नाले में बहा:लगातार बारिश से कुम्हारी नाले में बाढ़ जैसे हालात, युवक की तलाश में जुटी एसडीआरएफ
By Dinesh chourasiya
दुर्ग जिले में बीते दो दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। इस बीच कुम्हारी के पास रामपुर चोरहा नाला में आई अचानक बाढ़ में कुछ लोग फंस गए। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, इस दौरान राकेश बंजारे ने बाढ़ में फंसे लोगों को बचाने की कोशिश में अपनी जान गंवा दी।
एसडीआरएफ कमांडर नागेंद्र सिंह ने बताया कि, सुबह सूचना मिली थी कि सुरजीडीह नाला-चोरहा नाला के पास बने बड़े नाले में अचानक बाढ़ आ गई थी। तीन लोग बाढ़ में फंस गए थे। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और महिला, पुरुष और तीन बकरियों को बाढ़ से सुरक्षित निकालकर एक सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया।







रामपुर चोरहा नाला में फंसे लोगों को बचाते हुए राकेश बंजारे ने गंवाई जान
घटना सुबह लगभग 11 बजे की है, जब राकेश बंजारे ने तीन फंसे लोगों की मदद करने के लिए नाले में छलांग लगा दी। हालांकि, तेज बहाव में वह पानी में बह गया और उसका कुछ पता नहीं चला। राकेश बंजारे 35 साल का था और पेंटिंग का काम करता था। उसके दो छोटे बच्चे भी हैं और वह अपने परिवार का मुख्य सहारा था।

एसडीआरएफ का सर्च ऑपरेशन जारी




घटना के बाद कुम्हारी थाना पुलिस ने तुरंत एसडीआरएफ को सूचना दी और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। एसडीआरएफ के एक जवान ने बताया कि पानी का बहाव अत्यधिक तेज है, जिससे सर्च ऑपरेशन में कठिनाई आ रही है, लेकिन पूरी टीम राकेश बंजारे की तलाश में जुटी हुई है। प्रशासन ने बचाव कार्य में तेजी लाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है।
दुर्ग जिले में रिकॉर्ड वर्षा
दुर्ग जिले में 1 जून से 26 जुलाई 2025 तक औसतन 477.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। पाटन तहसील में सबसे अधिक 593.4 मिमी वर्षा और धमधा तहसील में सबसे कम 383.9 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है। इसके अलावा अहिवारा तहसील में 580.6 मिमी और भिलाई-3 में 411.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई है।




