
पंजाब में आज सुबह 2 शहरों में धमाकों की आवाज:देर रात पाकिस्तान ने ड्रोन-मिसाइलें दागीं; पठानकोट में फाइटर जेट गिराने की सूचना
By Dinesh chourasiya
पंजाब के पठानकोट और अमृतसर में आज सुबह-सुबह धमाकों की आवाज सुनाई दी। पठानकोट में सुबह साढ़े 4 बजे 3-4 धमाकों की आवाज सुनी गई। वहीं अमृतसर में 5:20 बजे धमाके की आवाज सुनी। इसके बाद जिला प्रशासन की तरफ से अलर्ट जारी किया गया। प्रशासन ने कहा कि सभी लोग घरों के अंदर रहें। खिड़कियों से दूर रहें। सभी लाइटें बंद रखें।
पाकिस्तान की तरफ से गुरुवार को पंजाब पर हमला किया गया था। पठानकोट में एयरबेस को टारगेट किया गया। न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, पठानकोट में पाकिस्तानी जेट गिराया गया है। हालांकि सरकार की तरफ से इसकी पुष्टि नहीं की गई।







जालंधर में 2 जगह ड्रोन से हमला हुआ। हालांकि भारत के एयर डिफेंस सिस्टम ने आसमान में ही इन्हें तबाह कर दिया। हमले में किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ। बठिंडा में भी ड्रोन मूवमेंट देखी गई है।
इससे पहले 7-8 मई की रात पाकिस्तान ने पंजाब के पठानकोट, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, आदमपुर, लुधियाना, बठिंडा और चंडीगढ़ में सैन्य ठिकानों पर रॉकेट और मिसाइलों दागीं थी। हालांकि, भारत के एयर डिफेंस सिस्टम ने आसमान में ही मिसाइलों को न्यूट्रलाइज (नष्ट) कर दिया।
गुरुवार सुबह कई जिलों में धमाकों की आवाज सुनाई दी गईं। कई जगह रॉकेट के टुकड़े भी मिले। अमृतसर के मक्खनविंडी गांव में जिंदा रॉकेट मिला। इसके बाद आर्मी और एयरफोर्स की टीम ने उसे अपने कब्जे में ले लिया।








