तालाब में डूबने से 7 साल के बच्चे की मौत:दुर्ग में शादी में शामिल होने आया था, हल्दी रस्म के दिन नहाते समय हादसा
By Dinesh chourasiya

दुर्ग जिले में 7 साल का नाबालिग नहाने के दौरान तालाब में डूब गया। जिससे उसकी मौत हो गई। बच्चा शादी में शामिल होने आया था। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने उतरई नगर पंचायत कार्यालय का घेराव कर दिया। घटना उतई थाना इलाके की है।
पुलिस के मुताबिक, देवेश साहू के घर में शादी हो रही है। 8 मई को हल्दी का कार्यक्रम था। घर में आए मेहमान सुबह नहाने के लिए शीतला तालाब चले गए। जहां नहाने के दौरान मानस (07) गहरे पानी में चले जाने से डूब गया। स्थानीय लोग उसे बाहर निकालकर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।








शादी की खुशियां मातम में बदली
एक पल तक परिवार में शादी की तैयारियों में व्यस्त था, उसी पल सब कुछ ठहर गया। शहनाई की जगह रोने की आवाजें आने लगी। शादी वाले घर में मातम पसर गया। इस हादसे के बाद परिवार और मोहल्ले वालों का रो-रो कर बुरा हाल है।
मुरुम खनन को बताया हादसे का कारण




मौत से गुस्साए परिजनों और स्थानीय निवासियों ने उतई नगर पंचायत पर लापरवाही का आरोप लगाया है। इसे लेकर नगर पंचायत कार्यालय का घेराव कर जमकर नारेबाजी की। परिजनों ने आरोप लगाया कि, कई बार पंचायत को तालाब की गहराई को लेकर आवेदन दिया गया था। यहां अवैध मुरूम खनन के चलते तालाब काफी गहरा हो गया था, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ है।
10 हजार रुपए की दी आर्थिक सहायता
उतई नगर पंचायत के सीएमओ राजेंद्र नायक ने कहा कि, बच्चा परिवार के साथ नहाने गया था और गहराई में जाने के कारण यह हादसा हुआ। फिलहाल तालाब का जलस्तर कम किया जा रहा है। पीड़ित परिवार को तत्काल 10 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी गई है।




