Uncategorized

CG MP-UP सहित 19 राज्यों में आंधी-तूफान का अलर्ट 

By Dinesh chourasiya

मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार को मध्य प्रदेश-उत्तर प्रदेश सहित 19 राज्यों में आंधी-तूफान का अलर्ट है। राजस्थान में धूलभरी आंधी चल सकती है। वहीं, ओडिशा, आंध्रप्रदेश और कर्नाटक में तेज बारिश हो सकती है।

दिल्ली में शुक्रवार को हुई बेमौसम बारिश के बाद मौसम विभाग ने शनिवार के लिए भी आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। बदले हुए मौसम के बावजूद शुक्रवार को महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान और मध्य प्रदेश के 12 शहरों में तापमान 43° से 44° के बीच रिकॉर्ड किया गया। महाराष्ट्र का अकोला 44.9° के साथ देश का सबसे गर्म शहर रहा।

इससे पहले दिल्ली-NCR, UP और छत्तीसगढ़ में हुई आंधी-बारिश और बिजली-पेड़ गिरने की घटनाओं में 10 लोगों की मौत हो गई। इनमें दिल्ली, उत्तर प्रदेश में 4-4 और छत्तीसगढ़ में 2 लोगों ने जान गंवाई है।

आगे भी लगभग एक हफ्ते ऐसा मौसम रह सकता है। तेज हवा और गरज-चमक के साथ बारिश होती रहेगी। इसके बाद मई में उत्तर भारत के कई हिस्सों में सामान्य से ज्यादा गर्मी की संभावना है।

एक्सपर्ट बोले- नमी बढ़ने और उसमें हवा मिलने से उत्तर भारत में भारी बारिश हुई

मौसम विभाग ने कहा कि दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में शुक्रवार को हुई मूसलाधार बारिश का कारण अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से मिलने वाली नमी और हवा का मिलना है। मौसम के अलग-अलग सिस्टम के मिश्रण के कारण आंधी-तूफान जैसे हालात बने। बारिश के साथ-साथ दक्षिण-पूर्वी हवाएं भी चलीं, जिनकी रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई।

शुक्रवार की सुबह राजधानी में तूफ़ान आया, जिसकी रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक दर्ज की गई। 1901 के बाद से मई में देश की राजधानी में 24 घंटे में हुई यह दूसरी सबसे अधिक बारिश है। खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरने वाली दो उड़ानों को जयपुर और एक को अहमदाबाद डायवर्ट किया गया। 500 से ज्यादा उड़ानें देर से रवाना हुईं।

शिमला में बारिश के दौरान रिज क्षेत्र में टहलते लोग। यहां आज ओले गिरने का अलर्ट जारी किया गया है।
जम्मू-कश्मीर के अखनूर सेक्टर में भारी बारिश के बाद शुक्रवार को चिनाब नदी का जलस्तर बढ़ गया।

अगले 3 दिनों का मौसम अपडेट…

  • 4 मई- राजस्थान में धूल भर आंधी चलेगी। मध्यप्रदेश और उत्तराखंड में ओले गिर सकते हैं। मराठवाड़ा, तमिलनाडु-पुडुचेरी, कर्नाटक, अरुणाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, सौराष्ट्र-कच्छ और ओडिशा में बारिश का अलर्ट है। जबकि पंजाब, चंडीगढ, दिल्ली में हीटवेव का अलर्ट है। बिहार, गुजरात में गर्मी का ऑरेंज अलर्ट है।
  • 5 मई- कर्नाटक और उत्तराखंड में ओले गिर सकते हैं। राजस्थान में धूल भरी आंधियां चल सकती हैं। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, मराठवाड़ा, तमिलनाडु-पुडुचेरी और सौराष्ट्र-कच्छ में बारिश का अलर्ट है। मध्यप्रदेश, UP, पंजाब, चंडीगढ, दिल्ली, बिहार, गुजरात में गर्मी का यलो-ऑरेंज अलर्ट है।
  • 6 मई- पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ और दिल्ली में हीटवेव का अलर्ट है। कर्नाटक में ओले गिर सकते हैं। केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु-पुडुचेरी, असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश हो सकती है। बाकी सभी राज्यों में गर्मी का यलो अलर्ट है।

Related Articles

Back to top button