Uncategorized

CG में एलपीजी-सिलेंडरों से भरे पिकअप में लगी आग महासमुंद में NH 53 पर धमाकों के साथ फटने लगे सिलेंडर, SDRF को बुलाया गया, रूट डाइवर्ट

By Dinesh chourasiya

महासमुंद जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग 53 पर शुक्रवार को कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर से भरे पिकअप में आग लग गई। जैसे ही आग लगी, पिकअप में रखे गैस सिलेंडर तेज धमाकों के साथ फटने लगे। धमाके इतने जोरदार थे कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। यह घटना सिंघोडा थाना क्षेत्र के छुईपाली स्थित राफेल चौक पर हुई।

घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर विनय कुमार लहंगे ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को मौके पर पहुंचने और सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश दिए। इस बीच, एएसपी प्रतिभा पांडे तिवारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग 53 पर मौजूद सभी थाना प्रभारियों को वाहनों का रूट डाइवर्ट करने और दुर्घटना वाले हिस्से को खाली कराने के निर्देश दिए।

वहीं पिकअप में आग लगने के बाद सड़क के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी लाइन लग गई।

आग पर काबू पाने ओडिशा के सीमावर्ती जिले से मांगी मदद

घटना को देखते हुए पड़ोसी राज्य ओडिशा के सोहेला जिले से फायर सेफ्टी टीम की मदद मांगी गई। इसके साथ ही रायपुर से SDRF (स्पेशल डिस्ट्रीक्ट रेस्क्यू फोर्स) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया।

आग और धमाकों की वजह से मची अफरा-तफरी

पिकअप में रखे गैस सिलेंडर में आग और धमाकों की वजह से आसपास के इलाके में भारी डर का माहौल बन गया। प्रशासन ने लोगों से कहा है कि इस मार्ग से बचकर गुजरें और राहत-बचाव कार्य में सहयोग करें।

इस मामले में जांच जारी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वाहन में आग कैसे लगी और सिलेंडरों को सुरक्षित तरीके से कैसे हटाया जा सकता था।

Related Articles

Back to top button