Uncategorized

डोंगरगढ़ में श्रद्धालुओं से भरा रोपवे पलटा, 6 घायल:कंपनी बोली- लो वोल्टेज से हादसा, BJP नेता गंभीर; हाल जानने हॉस्पिटल पहुंचे गृहमंत्री विजय शर्मा

By Dinesh chourasiya

राजनांदगांव में डोंगरगढ़ के प्रसिद्ध मां बमलेश्वरी मंदिर में श्रद्धालुओं से भरी रोपवे की एक ट्रॉली अचानक टूटकर जमीन पर गिर गई। इस घटना में 6 लोग घायल हुए है। वहीं, भाजपा प्रदेश महामंत्री भरत वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए जिनका रायपुर में इलाज जारी है।

शनिवार सुबह उनका हालचाल जानने गृहमंत्री विजय शर्मा अस्पताल पहुंचे। उन्हें हाथ में फ्रैक्चर और रीढ़ की हड्डी में ज्यादा चोट आई है। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, संगठन महामंत्री पवन साय, मंत्री टंक राम वर्मा भी मौजूद रहे।

वहीं, मंदिर ट्रस्ट ने इस घटना के लिए रोपवे संचालन करने वाली कंपनी को जिम्मेदारी ठहराया है। कंपनी का कहना है कि लो वोल्टेज के कारण यह हादसा हुआ है। वहीं जानकारी ये भी है कि संचालन बंद होने के बाद भी रोपवे चलाया जा रहा था।

भाजपा प्रदेश महामंत्री भरत वर्मा का हालचाल जानने हॉस्पिटल पहुंचे गृहमंत्री विजय शर्मा

बाल-बाल बचे पूर्व मंत्री

बता दें कि शुक्रवार दोपहर 2 बजे जब पूर्व मंत्री और वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा और भाजपा के नेता दर्शन करके लौट रहे थे तभी जब ट्रॉली स्टेशन पर आकर रुकी। ट्रॉली अपनी तय जगह से आगे बढ़ गई और पलट गई।

बताया रोपवे का संचालन दोपहर 1 बजे बंद कर दिया जाता है और 3 बजे फिर से शुरू होता है, लेकिन VIP दर्शन की वजह से ट्रॉली का संचालन जारी रखा गया था। उस समय अधिकांश स्टाफ लंच ब्रेक पर था।

इस हादसे में भाजपा प्रदेश महामंत्री भरत वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें रायपुर ले जाया गया है। वहीं पूर्व मंत्री रामसेवक पैकरा इस हादसे में बाल-बाल बच गए।

हादसे में घायल 6 लोग घायल

जानकारी के मुताबिक, ट्रॉली को तय जगह से आगे बढ़ाया गया और जब वह चढ़ाई पर थी, उसी समय उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। घायलों में रामसेवक पैकरा, दया सिंह और सिद्धार्थ सिंह भी शामिल हैं, लेकिन उनकी चोटें हल्की थीं। बलराम सिंह इस हादसे में सुरक्षित रहे। भरत वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए।

रोपवे कंपनी ने बिजली विभाग पर लगाया आरोप

हादसे के बाद, रोपवे का संचालन करने वाली कंपनी दामोदर इंफ्रा के साइट इंचार्ज धर्मेंद्र ठाकुर ने इस हादसे में लो वोल्टेज का हवाला देते हुए पूरा आरोप बिजली विभाग पर मढ़ दिया।

हालांकि, इससे पहले कंपनी की तरफ कभी भी बिजली विभाग से लो वोल्टेज की शिकायत नहीं की गई थी।

ट्रस्ट समिति ने दामोदर इंफ्रा पर लगाया लापरवाही का आरोप

हादसे के बाद, मां बमलेश्वरी ट्रस्ट समिति के अध्यक्ष मनोज अग्रवाल ने पीसी में कहा कि इस हादसे की जिम्मेदारी पूरी तरह से दामोदर इंफ्रा पर है, क्योंकि रोपवे का संचालन तकनीकी रूप से इस कंपनी द्वारा किया जाता है।

मां बमलेश्वरी ट्रस्ट समिति ने रोपवे कंपनी पर लापरवाही का लगाया आरोप

रोपे-वे का संचालन समझने के लिए पहुंचे थे पूर्व मंत्री पैकरा

जिस ट्रॉली में हादसा हुआ उसमें पूर्व मंत्री व वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा भी बैठे थे। पैकरा की मंदिर ट्रस्ट समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक होनी थी।

दरअसल राम सेवक पैकरा ने कुंदरगढ़ मंदिर में भी रोप-वे लगवाने की योजना तैयार की है। इसके लिए ही रोपे संचालन और इससे जुड़ी जानकारी के लिए वे डोंगरगढ़ पहुंचे थे। लेकिन रोप-वे से नीचे आते समय यह हादसा हो गया। कुंदरगढ़ मंदिर से जुड़े लोग भी उनके साथ बैठक में शामिल होने आए थे। जिन्हें मामूली चोटें आई है।

रोपवे में पहले भी हो चुके हैं हादसे

इससे पहले भी रोपवे में कई हादसे हो चुके हैं, जिनमें दो लोगों की जान चली गई थी, लेकिन सुरक्षा के लिए अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए। इस हादसे के बाद प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है, और अब सवाल यह है कि इस बार कब तक जांच पूरी होगी और दोषियों पर कार्रवाई होगी।

हादसे के समय ट्रॉली में रामसेवक पैकरा, भाजपा के नेता भरत वर्मा, बमलेश्वरी मंदिर ट्रस्ट समिति के अध्यक्ष मनोज अग्रवाल, भिलाई नगर निगम के नेता दया सिंह, और अन्य लोग मौजूद थे।

Related Articles

Back to top button