Uncategorized

CG में राज्यपाल के फॉलो वाहन से टकराकर महिला की मौत भाई के अंतिम संस्कार से लौट रही थी, गवर्नर ने निरस्त किए कार्यक्रम

By Dinesh chourasiya

उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। - Dainik Bhaskar

छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका के सरगुजा प्रवास के दौरान मैनपाट में उनके काफिले की वाहन से टकराकर एक महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद राज्यपाल ने सरगुजा में अपने आज के कार्यक्रमों को निरस्त कर दिया है और रायपुर रवाना हो गए हैं।

महिला भाई के अंतिम संस्कार कार्यक्रम से पैदल घर लौट रही थी। इसी दौरान हादसे का शिकार हो गई। घटना कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र की है।

घटना गुरुवार शाम पर्यटन स्थल उल्टापानी के पास हुई। राज्यपाल की सुरक्षा में लगी फॉलो वाहन की चपेट में आकर सुन्नी मझवार (55) गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे इलाज के लिए कमलेश्वरपुर हॉस्पिटल ले जाया गया। गंभीर अवस्था में उसे अंबिकापुर रेफर कर दिया गया। अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान रात को उसकी मौत हो गई।

अस्पताल पहुंचे परिजन और ग्रामीण।

राज्यपाल ने स्थगित किया कार्यक्रम

घटना के बाद राज्यपाल रमेन डेका ने अपने सरगुजा प्रवास के दूसरे दिन के कार्यक्रमों को स्थगित कर दिया है और रायपुर रवाना हो गए हैं। आज राज्यपाल रमेन डेका को मैनपाट में तिब्बती कैंप जाना था। इसके अलावे अंबिकापुर में सैनिक स्कूल में कार्यक्रम आयोजित किया गया था और अंबिकापुर में अधिकारियों की बैठक भी आयोजित थी।

हालांकि, आधिकारिक रूप से प्रवास रद्द होने का कारण राज्यपाल की स्वास्थ्यगत समस्या और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी 30 मार्च को बिलासपुर में प्रस्तावित दौरे में शामिल होने को बताया गया है। इस कारण राज्यपाल रायपुर रवाना हो गए हैं।

भाई के अंतिम संस्कार कार्यक्रम से लौट रही थी महिला

ग्राम करमहा निवासी एक अधेड़ व्यक्ति की बुधवार शाम पानी में डूबने से मौत हो गई थी। मृतक की बहन सुन्नी मझवार अपने भाई के अंतिम संस्कार में शामिल होने गई थी और वहां से पैदल अपने घर लौट रही थीं। रास्ते में राज्यपाल के काफिले की फॉलो वाहन की टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

फॉलो वाहन के चालक ने महिला को बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन दुर्घटना हो गई। आनन-फानन में महिला को हॉस्पिटल के लिए रवाना कर दिया गया। अंदरूनी चोटों के कारण उसकी मौत हो गई।

बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीण हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण अंबिकापुर पहुंचे और मुआवजे की मांग की। ग्रामीण अमरनाथ यादव ने बताया कि राज्यपाल के काफिले की सातवें नंबर की इनोवा कार ने महिला को टक्कर मारी। हादसे के बाद सुन्नी मझवार सड़क पर गिर गई। इसके बाद भी काफिले के अन्य वाहन नहीं रूके। बाद में पुलिस ने महिला को हॉस्पिटल पहुंचाया।

ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को मुआवजा एवं एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी दिए जाने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button