Uncategorized

छत्तीसगढ़ में होली के दिन बदला नमाज का समय:दोपहर 2-3 बजे के बीच अदा की जाएगी नमाज, वक्फ-बोर्ड ने सभी जिलों में भेजा सर्कुलर

By Dinesh chourasiya

यूपी के बाद अब छत्तीसगढ़ में भी जुमे की नमाज के समय में बदलाव किया गया है। होली के दिन मस्जिदों में दोपहर 1 बजे होने वाली नमाज अब 2 से 3 बजे के बीच होगी। सभी मस्जिदों के बोर्ड को पत्र भेजा गया है।

छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने  बताया कि सांप्रदायिक सौहार्द के मद्देनजर इस निर्णय को लिया जा रहा है। देर शाम तक आदेश जारी हो जाएगा। छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष के निर्णय का बीजेपी ने स्वागत किया है।

जोहर की नमाज घर में पढ़ें- छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड

डॉ. सलीम राज ने बताया कि मुस्लिम समुदाय के लोग जुमे की नमाज अदा करते हैं। दोपहर 12 बजे जोहर की नमाज होती है। नमाजी नमाज अदा करने के लिए मस्जिद की ओर निकलेंगे। इस दौरान होली भी खेली जाएगी। ऐसे में किसी से विवाद की स्थिति न बने, इसलिए नमाज की टाइमिंग बदली गई है।

कांग्रेस नेता बोले- विवाद ना करें

छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष और कांग्रेस नेता सलीम रिजवी ने हिंदू और मुस्लिम समुदाय से होली के दिन विवाद ना करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि बहुत से मस्जिद के मुतवल्लियों और कमेटियों ने दोपहर 2 बजे के बाद नमाज का वक्त रखा है। यही अच्छी बात है।

बीजेपी बोली- बोर्ड के फैसले का हम स्वागत करते हैं

बीजेपी प्रवक्ता केदार गुप्ता ने कहा कि बोर्ड के फैसले का हम स्वागत करते हैं। अगर सुबह होली खेली जाएगी और दोपहर में नमाज पढ़ी जाएगी तो ये बोर्ड का अच्छा निर्णय है। कांग्रेस को ये फैसला गलत लग सकता है, क्योंकि कांग्रेस तुष्टिकरण की राजनीति करती है। बीजेपी सबका साथ सबका विकास चाहती है।

रायपुर पुलिस भी अलर्ट मोड पर

रायपुर एसएसपी लाल उमेंद्र सिंह ने  बताया, कि होली के दौरान किसी तरह का विवाद ना हो, इसलिए रायपुर पुलिस भी अलर्ट मोड पर है। त्योहार शांति पूर्वक रहे, इसलिए रायपुर में 80 नाके लगाकर जांच की जाएगी।

उन्होंने बताया कि सड़कों पर लगातार 48 घंटे पुलिस मुस्तैद रहेगी। सेंसिटिव इलाकों में पुलिस लगातार गश्त करेगी। विवाद करने वालों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। CCTV कैमरों से निगरानी की जाएगी। राजपत्रित अधिकारियों की टीम मॉनिटरिंग करेगी।

 

जुम्मे की नमाज के चलते देशभर में विवाद

देशभर में होली और जुम्मे की नमाज को लेकर विवाद चल रहा है। उत्तर प्रदेश में 2 बजे के बाद नमाज पढ़ी जाएगी। वहीं बिहार में नमाज के मद्देनजर दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक रंग खेलने में ब्रेक लगा दिया गया है।

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में जुमे की नमाज की टाइमिंग को एक घंटे बढ़ाते हुए 2.30 बजे कर दिया गया है।

यूपी के कई शहरों में बदला जुमे की नमाज का टाइम

लखनऊ, बरेली, शाहजहांपुर, संभल, मुरादाबाद, रामपुर, अलीगढ़, झांसी, अयोध्या और सहारनपुर, उन्नाव समेत संवेदनशील जिलों में पुलिस ने पीस कमेटी की बैठक कर नमाज के समय को एक घंटे के लिए बढ़ा दिया है। यानी की 2 बजे अजान होगी और 2.30 बजे तक नमाज अदा की जाएगी।

लखनऊ में मौलाना फरंगी महली ने भी जुमे की नमाज को ढाई बजे तक के लिए बढ़ा दिया है। उन्होंने कहा- हिंदू भाई-बहन होली आराम से मना सकें इसलिए ऐसा किया गया है।

मुरादाबाद के शहर इमाम सैय्यद मासूम अली आज़ाद ने वीडियो जारी कर कहा है कि जामा मस्जिद में जुमे की नमाज़ दोपहर एक बजे पढ़ी जाती थी। लेकिन इस बार होली जुलूस के कारण दोपहर 2.30 बजे पढ़ी जाएगी।

रामपुर शहर काज़ी सैय्यद खुशनुद मियां ने भी कहा कि 14 मार्च होली के दिन जुमे की नमाज जामा मस्जिद में 2.30 बजे होगी। उन्होंने जिले और शहर की मस्जिदों में भी नमाज़ का समय बदलने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोग अपने मोहल्ले की मस्जिदों में नमाज़ अदा करें, क्योंकि 2 बजे तक रंग खेला जाएगा।

उन्नाव में होली और जुमे की नमाज एक ही दिन पड़ने के कारण शहर काजी मौलाना निसार अहमद मिस्बाही ने नमाज के समय में बदलाव किया है। जुमे की नमाज का समय एक घंटा आगे बढ़ाकर दोपहर 2 बजे कर दिया गया है।

Related Articles

Back to top button