भिलाई के छावनी थाना क्षेत्र में 12 घंटे के अंदर 2 जगह लगी आग:फर्नीचर दुकान और मकान में सामान जलकर राख; फायर ब्रिगेड ने आग पर पाया काबू
By Dinesh chourasiya
भिलाई के छावनी थाना क्षेत्र में 12 घंटे के अंदर 2 अलग-अलग जगहों पर आग लगने की घटना हुई है। इससे बड़ा नुकसान हुआ है। फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पा लिया है। छावनी पुलिस दोनों मामले की जांच कर रही है।
पहली घटना 12 मार्च की देर रात पावर हाउस चौक में घटी। यहां सेक्टर 1 से नंदिनी रोड को जोड़ने वाले फ्लाई ओवर ब्रिज के अली फर्नीचर नाम से एक दुकान है। इस दुकान में देर रात किसी ने तेज धुआं निकलते देखा। इसके बाद छावनी पुलिस को सूचना दी गई।








छावनी पुलिस ने जाकर देखा कि दुकान में आग लगी है। इसके बाद उन्होंने तुरंत दुर्ग अग्निशमन विभाग को फोन किया। जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह ने सूचना मिलते ही एक दमकल वाहन को टीम के साथ वहां भेजा। टीम मौके पर पहुंची और कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
टीम सुबह भोर में आग बुझाकर लौटी ही थी कि सुबह 9 बजे के करीब फिर से फोन आया कि कैंप 2 शारदापारा क्षेत्र में एक मकान में आग लग गई है। छावनी थाना प्रभारी चेतन चंद्राकर खुद अपने टीम के साथ वहां पहुंचे। उन्होंने लोगों की मदद से आग को बुझाना शुरू करवाया। इसके बाद दमकल की टीम भी वहां पहुंच गई और आग पर काबू पाया गया।
एक जगह अगरबत्ती से लगी आग तो दूसरे का कारण अज्ञात




छावनी थाना प्रभारी चेतन चंद्राकर ने बताया कि शारदापारा क्षेत्र में जिस मकान में आग लगी है वह अगरबत्ती से लगी है। यहां आग से कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है। वहीं फर्नीचर दुकान में जो आग लगी है उसका कारण अज्ञात बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि शॉर्ट सर्किट से आग लगी होगी।




