रायपुर में शपथ के दूसरे दिन महापौर के बेटे ने तोड़ा कानून बीच सड़क काटा केक, हाईकोर्ट से फटकार के बाद CS ने जारी किए थे निर्देश
By Dinesh chourasiya
रायपुर की मेयर मीनल चौबे के बेटे ने 27 फरवरी की देर रात कानून तोड़ा। इसी दिन मां मीनल ने मेयर पद की शपथ ली। मेहुल चौबे ने चंगोरा भाटा इलाके में सड़क पर केक काटा। आतिशबाजी कर जन्मदिन मनाया। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
इससे कुछ दिन पहले ही हाई कोर्ट ने बीच सड़क पर केक काटने के मामले में सरकार को फटकार लगाई थी। हाई कोर्ट की चेतावनी के बाद शुक्रवार को मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने सड़क जाम कर जन्मदिन मनाने पर कार्रवाई के निर्देश दिए थे।







मीनल ने मांगी माफी, कांग्रेस बोली- नियम सबके लिए बराबर, कार्रवाई हो
केक काटने का वीडियो वायरल होने के बाद मेयर मीनल चौबे ने माफी मांगी है। साथ ही ऐसी घटना दोबारा नहीं होने की बात कही है। इस मामले में कांग्रेस के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि नियम सबके लिए बराबर है। पुलिस को इस मामले में कार्रवाई करनी चाहिए।

सड़क जाम कर केक काटा तो इन धाराओं के तहत होगी कार्रवाई




अमिताभ जैन ने बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कोई भी व्यक्ति सड़क जाम करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सड़क जाम करने पर एंटी-एन्क्रोचमेंट एक्ट, मोटर व्हीकल एक्ट, नगर पालिका अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत कार्रवाई करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।

गिरफ्तारी, 1 महीने जेल और लगेगा जुर्माना
कलेक्टर गौरव सिंह ने भी लोगों से अपील की है कि सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करें। बीच सड़क पर जन्मदिन मनाने वालों को हिदायत दी है, कि ऐसा कोई काम न करें जो उनको और उनके परिवार के लिए कष्ट का कारण बने।
एसएसपी डॉ लाल उम्मेद सिंह ने जानकारी दी कि, सड़कों पर जन्मदिन या पारिवारिक आयोजन किए जाने से सड़क जाम होता है। इस तरह की घटना अपराध की श्रेणी में आता है। इस तरह के मामले में गिरफ्तारी के साथ 1 माह की सजा, 5 हजार का जुर्माना लगाया जाएगा




