CG में 2 युवकों ने डाॅक्टर को पीटा:बाल पकड़कर खींचा, फिर कहा- ड्यूटी से घर जाएगा तो हाथ-पैर तोड़वा देंगे
By Dinesh chourasiya

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में निजी अस्पताल के एक सहायक डाॅक्टर की 2 युवकों ने जमकर पिटाई कर दी। हाथ मुक्कों से उसे पीटने के साथ ही बाल पकड़कर खींचते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। घटना जूटमिल थाना क्षेत्र की है।
मिली जानकारी के मुताबिक डाॅक्टर भरत गुप्ता (27) ने थाने में रिपोर्ट में दर्ज कराई कि वह घरघोड़ा के टेंडा नवापारा के रहने वाला है। कुछ समय से चिरंजीवी दास नगर पहाड़ मंदिर के पास किराए के मकान में रहता है और राजप्रिय अस्पताल में असिस्टेंट डाॅक्टर के पद पर पदस्थ है।







शुक्रवार की रात 8 बजे से सुबह 8 बजे तक उसकी नाइट ड्यूटी लगी थी। ऐसे में वह अस्पताल में ड्यूटी कर रहा था। तभी शनिवार की सुबह करीब साढ़े 3 बजे से 4 बजे के बीच जूटमिल क्षेत्र में रहने वाला विपुल सिंह अपने एक साथी के साथ कार से अस्पताल पहुंचा।

डाॅक्टर की पिटाई कर दी
इसके बाद वे अस्पताल के आपातकालीन कक्ष में घुसा तो वहां डाॅक्टर भरत गुप्ता को कहने लगा कि तुम लोग ड्यूटी के समय सो रहे हो और इसी बात को लेकर विवाद करने लगा। इसके बाद विपुल ने डाॅक्टर के साथ गाली-गलौज करते हुए जाने से मारने की धमकी दी और उसकी पिटाई कर दी।




अस्पताल स्टाफ के साथ भी अभद्र व्यवहार
इसके अलावा डाॅक्टर भरत गुप्ता के बाल को पकड़कर खींचते हुए मारपीट करने लगा। इस दौरान अस्पताल के अन्य स्टाफ द्वारा बीच-बचाव किया गया, तो विपुल और उसका साथी उनके साथ भी अभद्र व्यवहार करने लगे और ड्यूटी से घर जाते समय हाथ पैर तोड़वा देने की धमकी देकर वहां से चले गए।
घटना के बाद डाॅक्टर और अस्पताल के स्टाफ डरे सहमे थे। बाद डाॅक्टर ने जूटमिल थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। जहां पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है।
1 आरोपी गिरफ्तार दूसरा फरार
इस संबंध में जूटमिल थाना प्रभारी मोहन भारद्वाज ने बताया कि विपुल सिंह के हाथ में दर्द था। उसी के लिए वह अस्पताल गया था। घटना के बाद डाॅक्टर की रिपोर्ट पर जुर्म दर्ज किया गया और विपुल को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके दूसरे साथी की पतासाजी की जा रही है।




