
रायपुर में केमिकल से बन रहा था पनीर.2500KG जब्त:न्यू ईयर सेलिब्रेशन के लिए कई होटल-रेस्टोरेंट्स में होनी थी सप्लाई; फैक्ट्री सील
By Dinesh chourasiya
नए साल से पहले रायपुर में खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। बीरगांव इलाके की एक फैक्ट्री पर टीम ने छापा मारा। अधिकारियों ने काशी एग्रो फूड्स फैक्ट्री से 2500 किलो नकली पनीर जब्त किया है। न्यू ईयर सेलिब्रेशन को लेकर कई होटलों में इसका सप्लाई होना था। फैक्ट्री के मालिक का नाम शिवम गोयल है जो आगरा का रहने वाला है।
अफसरों ने जांच में पाया कि, इस पनीर में दूध की एक बूंद भी नहीं थी, बल्कि यह खराब क्वॉलिटी के तेल और हानिकारक केमिकल से तैयार किया गया था। रायपुर से बाहर भी यह पनीर सप्लाई किया जा रहा था। फिलहाल, फैक्ट्री को सील किया जा रहा है। संचालक के खिलाफ FIR भी होगी।







तस्वीरों में देखिए खाद्य विभाग की कार्रवाई



फैक्ट्री में कई केमिकल मिले
करीब 3 से 4 घंटे तक चली जांच के बाद फैक्ट्री में बनाए जा रहे नकली पनीर का पता चला। जांच अधिकारियों को फैक्ट्री से कई तरह के केमिकल भी मिले। फैक्ट्री संचालक ने बताया कि, इन्हें मिलाकर ही यह पनीर तैयार किया गया है।




अफसरों ने बताया कि डालडा, हाइड्रोक्लोरिक एसिड, स्कीम मिल्क पाउडर मिलाकर पनीर तैयार किया गया था। जबकि पनीर सही तरीके से दूध से बनाया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि, पनीर को ओडिशा भेजा जाता था। वहां के छोटे रेस्टोरेंट में सप्लाई भी की गई है।

खराब क्वॉलिटी की पनीर बनाने की मिली थी सूचना
बताया जा रहा है कि, खराब क्वॉलिटी की पनीर बनाने की सूचना खाद्य विभाग के नियंत्रक चंदन कुमार को मिली थी। इसके बाद उन्होंने अपनी टीम के अधिकारी सहायक आयुक्त मोहित बेहरा, नितेश मिश्रा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी राखी ठाकुर, क्षीरसागर पटेल, अजीत बघेल और सतीश राज के साथ मौके पर पहुंचे।
कई दस्तावेज जब्त, फैक्ट्री होगी सील
अधिकारियों ने फैक्ट्री के कई दस्तावेज, स्टॉक रजिस्टर, प्रोडक्ट में शामिल इंग्रेडिएंट्स की जानकारी, पैकेजिंग से जुड़े दस्तावेज और कई तरह के सामान जब्त कर लिए हैं। औषधि प्रशासन विभाग के नियंत्रक चंदन कुमार ने बताया कि, फैक्ट्री को सील किया जा रहा है। संचालक के खिलाफ FIR भी दर्ज कराई जा सकती है।




