भिलाई में युवा कर रहे ओएसटी पाउडर से नशा:पुलिस ने चार लोगों को इंजेक्शन से नशा लेते किया गिरफ्तार
By Dinesh chourasiya

शासन ने लोगों का नशा छुड़ाने के लिए भिलाई के लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल सुपेला और दुर्ग के पद्मनाभपुर थाना श्रेत्र में ओएसटी सेंटर शुरू किया था। अब यही सेंटर नशेड़ियों का अड्डा बन चुका है। दुर्ग पुलिस ने यहां से ओएसटी पाउडर लेकर इंजेक्शन के जरिए नशा लेते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं कई लोग भाग गए हैं।
दुर्ग पुलिस की एसीसीयू यूनिट ने दुर्ग के पद्मनाभपुर थाना अंतर्गत संचालित ओएसटी सेंटर में छापेमारी की। पुलिस ने पाया कि सेंटर के पास ही कुछ लोग ओएसटी पाउडर का घोल तैयार कर उसे इंजेक्शन में पंप करके नशे के रूप में अपने शरीर में इंजेक्ट कर रहे हैं। पुलिस ने ऐसा करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार किया तो कई लोग वहां से भाग खड़े हुए।







अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि कुछ लोग एविल इंजेक्शन और नशा मुक्ति केन्द्र में मिलने वाले ओएसटी पावडर को मिलाकर इन्जेक्शन तैयार करते हैं। इसके बाद उसे सिरिंज के माध्यम से अपने शरीर में इंजेक्ट करके नये तरीके का बड़ा नशा कर रहे हैं।
इस पर उन्हें एक टीम को तैयार किया। टीम ने एविल इंजेक्शन और ओएसटी पावडर को मिला कर इंजेक्शन के माध्यम से नशा करने वाले लोगों पर नजर रखी। पुलिस को पता चला कि पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र के पास कुछ लोग यह नशा कर रहे हैं। पुलिस की टीम ने तुरंत वहां छापेमारी की।
इन लोगों को किया गया गिरफ्तार




पुलिस ने यहां से सुनील डेकाडे निवासी पद्मनाभपुर, जागेश्वर साहू निवासी कसारीडीह, रवि चौहान निवासी सिविल लाईन दुर्ग और सागर निवासी सुभाष नगर को नशा करते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। चारों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
ओएसटी सेंटर से मिल जाता है नशीला पाउडर
जब पुलिस ने गिरफ्तार नशेड़ियों से पूछा तो उन्होंने बताया कि एविल इंजेक्शन तो उन्हें किसी भी मेडिकल स्टोर से आसानी से मिल जाता है। ओएसटी सेंटर जाकर वो लोग अपने या अपने दोस्त के नाम से ओएसटी पाउडर इश्यू करवा लेते हैं। इसके बाद इससे नशा करते हैं। जबकि नियम यह है कि ओएसटी सेंटर में ओएसटी पाउडर को अपने सामने ही खिलाना है, ना कि उसे बाहर ले जाना है।
लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल बना नशेड़ियों का अड्डा
भिलाई में लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में ओएसटी सेंटर संचालित है। इसे पावर हाउस में शिफ्ट करने के आदेश भी हो चुके हैं, लेकिन संचालक वहां से उसे शिफ्ट नहीं कर रहा है। इसके चलते हालत यह हो गई है कि नशा करने वाले लड़के अस्पताल से यूज और अनयूज निडिल सिरिंज चोरी कर रहे हैं। साथ ही नशे की हालत में मरीजों और नर्सों से हुज्जतबाजी करते हैं। सुपेला के डॉक्टरों ने इसको हटाने के लिए सीएमएचओ और कलेक्टर दुर्ग को भी पत्र लिखा है।




