Uncategorized

भिलाई में पत्नी पहुंची थाने तो पति ने लगा ली फांसी:लौटी तो देखा पति लटका था फंदे पर,

By Dinesh chourasiya

हीरालाल का शव फंदे पर झूलते हुए - Dainik Bhaskar

भिलाई के जामुल थाना क्षेत्र पति पत्नी के बीच का विवाद इतना बढ़ गया कि जब पत्नी इसकी शिकायत करने थाने गई तो पति ने घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेजा और जांच में जुट गई है।

जामुल पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान हीरालाल साहू पिता दशरथ साहू (40 साल) के रूप में हुई है। वो घासीदास नगर बॉम्बे आवास में रहता था। हीरालाल के एक बेटा और बेटी हैं। हीरालाल मकान बनाने का ठेका लेने का काम करता था।

हीरालाल और उसकी पत्नी के बीच पिछले 5-6 सालों से पट नहीं रही थी। आए दिन झगड़ा होने पर दोनों के बीच तलाक की स्थिति आ गई थी। पत्नी बार-बार तलाक मांग रही थी, लेकिन हीरालाल उसे तलाक नहीं दे रहा था। इस बात को लेकर सोमवार दोपहर दोनों के बीच जमकर झगड़ा हुआ। दोपहर 12.30 बजे के करीब पत्नी हीरालाल की शीकायत करने की बात कहकर थाने जाने के लिए निकली। वो थाने पहुंची भी नहीं थी कि उसका लड़का दौड़ता हुआ पहुंचा और बोला की पापा ने फांसी लगा ली है। जब पत्नी घर पहुंची तो देखा कि हीरालाल कमरे के अंदर फंदे पर झूल रहा है।

इसके बाद उन लोगों ने जामुल पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मोहल्ले के लोगों के सामने कमरे का दरवाजा तोड़ा और उसके बाद हीरालाल को फंदे से नीचे उतारा। उसे लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल सुपेला भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद वहीं पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों के हवाले कर दिया गया।

तलाक देने पति पत्नी से मांग रहा था रुपए

पत्नी ने पुलिस को बताया कि वो अपने पति से तलाक चाह रही थी, लेकिन वो तलाक नहीं दे रहा था। पिछले कुछ दिनों से हीरालाल उससे कह रहा था कि वो उसे एक लाख रुपए देगी तो वो उसे तलाक दे देगा। पत्नी के पास पैसा ना होने से वो पैसा देने से मना कर रही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच सोमवार को झगड़ा हुआ। अंत में तंग आकर वो शिकायत करने थाने जाने की बात कहकर घर से निकली थी।

Related Articles

Back to top button