
गुजरात के वडोदरा में 110km की रफ्तार से तूफान, 4 मौतें; मुंबई में भी 4 की जान गई; पुरी के कोणार्क मंदिर में पानी
By Dinesh chourasiya
मुंबई और गुजरात में पिछले 24 घंटे में तूफान और बारिश के चलते 8 लोगों की जान चली गई। मुंबई में बुधवार शाम 5 घंटों में 3.9 इंच से ज्यादा बारिश हुई। सड़कों पर पानी भर गया और लोग जाम में फंस गए।
मुंबई एयरपोर्ट पर 14 फ्लाइट्स डायवर्ट करनी पड़ीं। 4 लोगों की जान चली गई, इनमें एक महिला की मौत मैनहोल में गिरने से हुई। मुंबई सहित पूरे महाराष्ट्र में आज भारी बारिश का रेड अलर्ट है।







मुंबई, ठाणे, पालघर, पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ में स्कूलों-कॉलेजों में छुट्टी कर दी गई है। पुणे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा होनी थी, लेकिन ग्राउंड में पानी भरने के चलते इसे रद्द कर दिया गया है।
गुजरात के सूरत में बुधवार शाम 2 घंटे में 2 इंच बारिश हुई। कदरसा और संग्रामपुरा इलाके में नहरों में बाढ़ आ गई। बच्चे स्कूलों में फंस गए, जिन्हें दमकल ने रेस्क्यू किया। गुजरात में अगले चार दिनों तक बारिश से राहत मिलने की संभावना नहीं है।
ओडिशा में कई इलाकों में पिछले 24 घंटे से बारिश हो रही है। पुरी में स्कूलों को बंद कर दिया गया है। कोणार्क सूर्य मंदिर के कैंपस में पानी भर गया। मंदिर कैंपस से पानी निकालने के लिए पंप लगाए हैं।




हिमाचल में बादल फटने से एक की मौत, MP-यूपी में भी बारिश हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में गुरुवार को भारी बारिश के कारण बादल फटने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। राज्य में बुधवार शाम से हो रही बारिश के कारण NH-707 सहित 71 सड़कें बंद हैं।
मध्य प्रदेश के खंडवा में बुधवार को 9 घंटे में 2.3 इंच बारिश हुई। यहां भोपाल, इंदौर समेत 21 जिलों में भी बारिश हुई। उत्तर प्रदेश के मथुरा में बारिश से कई इलाकों में दो से तीन फीट तक पानी भर गया। शहर के रजिस्ट्री ऑफिस में भी पानी भर गया।
इस समय बारिश की वजह- मानसून की वापसी में देरी IMD ने बताया कि 17 सितंबर को राजस्थान से दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई शुरू होती है। इस बार 23 सितंबर यानी एक हफ्ते की देरी से हुआ। इसके कारण पुणे और मुंबई में 10-12 अक्टूबर से पहले मानसून खत्म होने की संभावना नहीं है। आमतौर पर महाराष्ट्र से मानसून की वापसी 5 अक्टूबर के आसपास होती है।
IMD वैज्ञानिक एस डी सनप ने बताया कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव के क्षेत्र बनने और इसके उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ने की संभावना के कारण 26 सितंबर से महाराष्ट्र में अच्छी बारिश होगी। महाराष्ट्र और गोवा में 28 सितंबर तक भारी बारिश होने की संभावना है।
IMD के मुताबिक, महाराष्ट्र में इस मानसून सीजन में लंबे अंतराल के बाद बारिश शुरू हुई है। ऐसे में अक्टूबर में महाराष्ट्र से मानसून खत्म होने की भविष्यवाणी करना अभी जल्दबाजी होगी।





