भिलाई में यूथ कांग्रेस नेता ने PDS चावल से भरा ऑटो पकड़ा:पुलिस ने नहीं की कोई कार्यवाही, अब लैब में होगी सैंपल की जांच कांग्रेस नेता को जान से मारने की धमकी
By Dinesh chourasiya

भिलाई के यूथ कांग्रेस नेता मनीष तिवारी और कार्यकर्ताओं ने सरकारी चावल से भरे एक ऑटो को पकड़ा है। जिसे वैशाली नगर थाने में खड़ा कर दिया है। जब थाने में कोई कार्रवाई नहीं हुई, तो उन्होंने खाद्य विभाग को फोन कर इसकी शिकायत की। अब कांग्रेस नेता को जान से मारने की धमकी भी मिली है।







इसके बाद सहायक खाद्य अधिकारी वसुधा गुप्ता वैशाली नगर थाने पहुंचकर चावल चेक किया। ऑटो को थाने में ही खड़े रखने की बात कही। वसुधा गुप्ता ने कहा कि, गाड़ी में 10 क्विंटल चावल लोड है। वो सफेद बोरियों में भरा हुआ है। अभी नहीं बताया जा सकता कि सरकारी चावल है या बाहर से खरीदा गया है।

सैंपल की होगी जांच




सहायक खाद्य अधिकारी वसुधा गुप्ता का कहना है कि, नान इंस्पेक्टर को जानकारी दी गई है, वो कल यहां आकर चावल का सैंपल लेंगे। उसे लैब में टेस्ट करेंगे कि वो पीडीएस का चावल है या नहीं। नान की रिपोर्ट आने के पाद ही मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

कांग्रेसी नेता को मिली जान से मारने की धमकी
यूथ कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने वैशाली नगर थाने में लिखित शिकायत दी है कि उसने चावल की तस्करी करते ऑटो CG07BC 4940 को पकड़ा था। उस गाड़ी को उन लोगों ने वैशाली नगर पुलिस को सौंप दिया।
इसकी जानकारी मिलने पर काके सरदार, गगनदीप और सूरज अपने लोगों को लेकर आए और उससे गाली-गलौज करने लगे। जब उसने विरोध किया तो उन लोगों ने हाथ में पहना लोहे का कड़ा निकालकर उसे मारने की कोशिश की। धमकी दी है कि आगे कहीं भी दिखेगा, तो उसे जान से मार देंगे।

वैशाली नगर थाने पहुंचा चावल तस्कर
इस दौरान वैशाली नगर थाने में खुर्सीपार क्षेत्र निवासी शिव शर्मा भी पहुंचा। शिव शर्मा क्षेत्र का सबसे बड़ा चावल तस्कर है। उसके खिलाफ स्मृति नगर थाने में चावल तस्करी का मामला दर्ज हुआ था। साथ ही कई बार वो सरकारी चावल की हेराफेरी करते हुए पकड़ा गया है।




