CG में अनारक्षित सीटों पर OBC को चुनाव लड़ाएगी BJP:कानून की किताबें लेकर डिप्टी CM साव बोले- कांग्रेस OBC आरक्षण शून्य करने की साजिश में थी
By Dinesh chourasiya
छत्तीसगढ़ निकाय चुनाव में जनरल सीटों पर भाजपा OBC कैंडिडेट को मौका देगी। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सिंह के मुताबिक जहां अनारक्षित सीट होती है (जनरल) वहां से कोई भी चुनाव लड़ सकता है, तो हम अपने पार्टी की आंतरिक व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए जनरल सीटों पर ओबीसी को प्राथमिकता देंगे।
प्रदेश कार्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान किरण देव सिंह के साथ डिप्टी सीएम अरुण साव कानून की किताब लेकर पहुंचे थे। निकाय चुनाव में आरक्षण पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा नेताओं ने कांग्रेस के आरोपों का जवाब दिया। साव के मुताबिक कांग्रेस इस साजिश में थी कि छत्तीसगढ़ में ओबीसी आरक्षण शून्य हो जाए, क्योंकि कांग्रेस आरक्षण विधेयक को पास होने नहीं देना चाहती थी। इसलिए सदन से वॉकआउट किया था।







कांग्रेस समर्थन वाली झारखंड सरकार में भी स्थिति ऐसी ही है। हमने आयोग बनाया। साव ने कहा, 33 में से छत्तीसगढ़ के 16 जिले अधिसूचित क्षेत्र में आते हैं। आबादी के मुताबिक, 4 जगह अनुसूचित जाति (SC) के लिए आरक्षित हुई। यह 16 सीट और 4 सीट 50% आरक्षण की सीमा को पार करते हैं, ऐसे में सर्वोच्च न्यायालय के फैसले को ध्यान में रखते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षण नहीं हुआ।

अधिकतम 50% तक ओबीसी वर्ग को आरक्षण
साव के मुताबिक, आयोग ने अनुशंसा करते हुए रिपोर्ट में कहा कि, अधिकतम 50% तक ओबीसी वर्ग को आरक्षण दिया जा सकता है। जबकि पहले 25% तक की ही सीमा थी, हमने ओबीसी वर्ग के आरक्षण को बढ़ाया है। बाकी अन्य निकाय, नगर निगम, नगर पालिका सभी में ओबीसी वर्ग को नियमानुसार भागीदारी मिली है।




साव ने कहा, एक दिन पहले ही नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत ने जिला पंचायत पदों पर ओबीसी वर्ग को आरक्षण नहीं दिए जाने को लेकर कहा था कि अभी तो कम बवाल हो रहा है और बवाल होना चाहिए। ये ऐसे बयान देकर प्रदेश का माहौल खराब करना चाहते हैं।
साव के मुताबिक कांग्रेस भ्रम, भ्रष्टाचार और भय के कॉन्सेप्ट में राजनीति करती है, मगर हम छत्तीसगढ़ को अशांत नहीं होने देंगे। हम उनकी साजिश को कामयाब नहीं होने देंगे।

50% OBC आरक्षण के दावे की हकीकत सामने आई – बघेल
वहीं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस मामले में कहा था कि OBC को जिला पंचायतों में जीरो आरक्षण मिला है। पिछली बार 27 जिलों में 7 जिलों में OBC सीटें आरक्षित थीं। अभी लॉटरी में OBC के लिए कोई स्थान नहीं है।
बघेल ने कहा कि, OBC वर्ग के साथ साय सरकार अन्याय कर रही है। आरक्षण का चयन दुर्भाग्यजनक स्थिति से प्रदेश में हुआ है। बीजेपी मुंह छिपाने के लिए आधी सीट OBC को देने की बात कह रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा का OBC विरोधी चेहरा सामने आया है।
——————————




