कुलगाम में सुरक्षाबलों ने 4 आतंकी मार गिराए:2 जवान शहीद; दो जगह चल रही है मुठभेड़
By Dinesh chourasiya
कश्मीर के कुलगाम में दो इलाकों में जारी मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने 4 आतंकियों को मार गिराया है। शनिवार (6 जुलाई) की सुबह से सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस का ज्वाइंट ऑपरेशन जारी है। सुबह मुदरघम से सर्च ऑपरेशन शुरू हुआ था।
इस दौरान आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी की थी, जिसमें लांस नायक प्रदीप नैन शहीद हो गए। वहीं, फ्रिसल में चल रही मुठभेड़ में भी एक जवान के शहीद होने की खबर है।







फ्रिसल गांव के चिंगम इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ शनिवार की दोपहर शुरू हुई थी। शाम होते-होते 4 आतंकियों का एनकाउंटर कर दिया गया। ऑपरेशन अभी भी जारी है। फिलहाल मृतक आतंकियों की पहचान नहीं हो सकी है।
बीते एक महीने (जून से 6 जुलाई तक) में सुरक्षाबल 10 आतंकियों का खात्मा कर चुके हैं। इनमें डोडा में 11-12 जून लगातार दो दिन दो हमले करने वाले आतंकी और उरी में घुसपैठ करने वाले आतंकियों का एनकाउंटर शामिल है।

ससुरक्षाबलों के ऑपरेशन की तस्वीरें…








डोडा में आतंकियों की मार गिराने वाले एसपीओ को दिया गया नियुक्ति पत्र
डोडा में आज जम्मू-कश्मीर के DGP आर.आर. स्वैन ने डोडा जिले में गंडोह इलाके में 3 आतंकवादियों को मार गिराने वाले SPO को नियुक्ति पत्र सौंपकर सम्मानित किया। स्वैन ने कहा कि जब पुलिस कर्मी जिसमें एसपीओ भी शामिल हैं, जनता को सुरक्षित रखने के लिए इस तरह काम करते हैं तो उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए हम उन्हें कांस्टेबल के रूप में भर्ती करते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि हम चाहते हैं कि इस एक समारोह के तहत उनके परिवार और समुदाय को अपने लड़कों पर गर्व महसूस हो।
आतंकियों के एनकाउंटर की घटना, सिलसिलेवार पढें…
26 जून- डोडा में 3 आतंकियों का खात्मा
डोडा जिले के गंडोह इलाके में 26 जून को सुरक्षाबलों ने तीन आतंकियों को मार गिराया था। सुबह 2-3 आतंकियों के इलाके में छिपे होने की सूचना के बाद पुलिस और सेना ने सर्च ऑपरेशन लॉन्च किया था, जिसके बाद सुबह 9.50 बजे एनकाउंटर शुरू हुआ था।
इस एनकाउंटर में जम्मू-कश्मीर पुलिस में तैनात स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप का जवान भी घायल हुआ था। आशिक हुसैन नाम के इस जवान को डोडा के सरकारी मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां डॉक्टरों ने बताया था कि उनके दाहिने पैर में गोली लगी थी।
अधिकारियों ने बताया था कि 11 और 12 जून को डोडा में दोहरा आतंकवादी हमला हुआ था। इसके बाद से सेना, CRPF और जम्मू-कश्मीर पुलिस सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। आज सुबह 2-3 आतंकियों के सिनू पंचायत के गांव में छिपे होने की सूचना मिली थी। इसी दौरान ढोक (मिट्टी से बना घर) से आतंकियों ने टीम पर गोलीबारी की।
22 जून- उरी में 2 आतंकी मारे गए
जम्मू-कश्मीर के उरी सेक्टर में 22 जून को सुरक्षाबलों ने घुसपैठ की कोशिश कर रहे दो आतंकियों को मार गिराया था। घटना गोहलन इलाके में हुई। अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षाबलों ने आतंकियों के एक समूह को उरी के गोहलन इलाके में घुसपैठ करते हुए देखा। सुरक्षाबलों ने उन्हें रुकने को कहा और उनकी घुसपैठ को नाकाम किया।
इससे पहले 19 जून को जम्मू-कश्मीर के बारामूला के हादीपोरा में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच एनकाउंटर हुआ था, जिसमें दो आतंकी मारे गए, जबकि स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप का एक जवान और एक पुलिसकर्मी घायल हुए थे।
17 जून- बांदीपोरा में LeT कमांडर ढेर
जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा में 17 जून की सुबह सुरक्षाबलों ने आतंकी LeT कमांडर उमर अकबर लोन उर्फ जाफर को मार गिराया था। वो पट्टन का रहने वाला था। अरागाम के जंगलों में 16 जून को फायरिंग की आवाज सुनाई दी थी। इसके बाद सेना और पुलिस ने सर्चिंग की थी। अगली सुबह तलाशी तेज की गई तो आतंकवादियों ने गोलीबारी की थी। ड्रोन फुटेज में मारे गए आतंकी जाफर का शव जंगल में पड़ा नजर आया था।
9 से 12 जून: जम्मू-कश्मीर में 60 घंटे में 3 आतंकी हमले
तारीख: 11 जून, रात 1-2 बजे
स्थान: डोडा, जम्मू
क्या हुआ: आतंकियों ने भद्रवाह-पठानकोट मार्ग पर 4 राष्ट्रीय राइफल्स और पुलिस की जॉइंट चेकपोस्ट पर फायरिंग की थी। 5 जवान और एक स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) घायल। हमले की जिम्मेदारी आतंकवादी संगठन कश्मीर टाइगर्स (जेईएम/जैश) ने ली थी।
तारीख: 11 जून, देर शाम 8 बजे
स्थान: कठुआ, जम्मू
क्या हुआ: पाकिस्तान बॉर्डर से लगे हीरानगर के सैदा सोहल गांव में दो आतंकियों ने घरों का दरवाजा खटखटाकर पानी मांगा था। ग्रामीणों को शक हुआ तो दरवाजे बंद कर शोर मचाया था। आतंकियों की फायरिंग में एक ग्रामीण घायल हुआ था। DIG और SSP पहुंचे तो एक आतंकी ने उनकी गाड़ी पर फायरिंग की थी। ग्रेनेड फेंकने के दौरान वह मारा गया। 12 जून को लगातार दूसरे दिन जारी मुठभेड़ में एक और आतंकी मारा गया था। पुलिस ने आतंकी के पास से अमेरिका निर्मित एम4 कार्बाइन बरामद की थी।
तारीख: 9 जून, शाम 6:15 बजे
स्थान: रियासी, जम्मू
क्या हुआ: मोदी सरकार के शपथ के दिन कंदा इलाके में शिव खोड़ी से कटरा जा रही बस पर आतंकियों ने 25-30 राउंड फायरिंग की। इसमें ड्राइवर को गोली लगी। बस खाई में गिरी। 9 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। 41 घायल हो गए। पुलिस ने संदिग्ध आतंकी का स्केच जारी किया। 20 लाख रुपए का इनाम रखा। 200 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। सर्च ऑपरेशन जारी।




