Uncategorized

CG  में पिता-पुत्र सहित 5 की जली एक साथ चिताएं कुएं में जहरीली गैस के रिसाव से दो अलग अलग मामले में 9 की मौत; सीएम साय ने 9-9 लाख मुआवजे का किया ऐलान

By Dinesh chourasiya

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा और कोरबा में दो अलग-अलग घटनाओं में शुक्रवार को कुएं में डूबने से 9 लोगों की मौत हो गई। दोनों ही हादसे कुएं में गिरे ग्रामीणों को बचाने की चक्कर में हुए हैं। बताया जा रहा है कि दोनों ही मामलों में मौत का कारण जहरीली गैस का रिसाव है।

जांजगीर-चांपा में हुए हादसे में पिता-दो पुत्रों सहित 5 की मौत हुई है। जबकि कोरबा में पिता-पुत्री और दो अन्य लोगों की जान गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई है। SDRF की टीम को भी मौके पर पहुंच गई। उनकी मदद से सभी शवों को निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।

CM विष्णुदेव साय ने दोनों हादसों को लेकर दुख और संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने ​​​​​प्रत्येक मृतक के परिवारजनों को 9-9 लाख रुपए की सहायता राशि देने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए हैं।

पहले तस्वीरों में देखिए कोरबा और जांजगीर से जुड़े हादसे….

कोरबा में इसी कुएं में बुजुर्ग को बचाने के लिए 3 लोग उतरे थे। सभी की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर जांच के लिए पहुंची।
कोरबा में एक साथ चार लोगों की मौत का पता चलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
जांजगीर-चांपा में शवों को कुएं से निकाल लिया गया है। सुबह करीब 7.30 बजे एक व्यक्ति को बचाने के चक्कर में लोग कुएं के अंदर एक के बाद एक व्यक्ति उतरते गए।
जांजगीर-चांपा में इसी लकड़ी को निकालने के लिए कुएं में सबसे पहले उतरा था रामचंद्र जायसवाल।

कोरबा : पिता गिरा तो बेटी बचाने गई, फिर एक-एक कर 4 फंसे

कोरबा में कटघोटा के ग्राम जुराली के डिपरा पारा निवासी शिवचरण पटेल दोपहर में कुएं में गिर पड़ा। इसका पता उसकी बेटी सपीना को चला तो वह पिता को बचाने के लिए कुएं में कूद गई। हालांकि वह भी अंदर ही फंस गई और दम तोड़ दिया। कुएं में दो शवों को देख स्थानीय मनबोध और जहरू भी नीचे उतरे, लेकिन उनकी भी मौत हो गई।

बताया जा रहा कि शिवचरण पटेल कुएं की सफाई कर रहा था। इस दौरान वह नीचे गिर गया। कोरबा SP सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे। जहां घटनाक्रम की ली। गैस रिसाव के चलते मौत होना बताया जा रहा है। कुएं में 5 लोग नीचे उतरे थे। एक को बाहर निकाला गया, उसका इलाज जारी है।

जांजगीर-चांपा : लकड़ी के उतरा था बुजुर्ग, बचाने में 5 की गई जान

इससे पहले जांजगीर-चांपा में भी कुएं में जहरीली गैस के रिसाव से 5 लोगों की मौत हो गई है। हादसा सुबह करीब 7.30 बजे एक व्यक्ति को बचाने के चक्कर में हुआ है। बिर्रा SDOP यदुमणि सिदार ने बताया कि किकिरदा गांव निवासी रामचंद्र जायसवाल (60 वर्ष) कुएं में लकड़ी अंदर गिरने पर उसे निकालने घुसा था।

इस दौरान गैस का रिसाव होने लगा और वह बहोश हो गया। इसके बाद पत्नी के शोर मचाने पर उसके दो बेटे और अन्य लोग भी कुएं में उतरे, लेकिन कोई जिंदा नहीं लौटा। मरने वाले एक युवक की पत्नी का आज बर्थडे है।

हवा से गिरे छप्पर को निकालने कुएं में उतरे थे

दरअसल, गांव में एक पुराना कुआं है। जिसे काफी समय से इस्तेमाल में नहीं लाया जा रहा था। गांव के ही लोगों ने पुरानी लकड़ियों का छप्पर बनाकर कुएं को ढक दिया था। बारिश और तेज हवा से छप्पर कुएं में गिर गया था। छप्पर को निकालने रामचंद्र जायसवाल कुएं के अंदर गया था। काफी देर तक वापस नहीं आया तो एक-एक कर 4 लोग और कुएं में उतरे।

पिता के साथ 2 बेटे पड़ोसी को बचाने गए थे

रामचंद्र जायसवाल को बचाने सबसे पहले पड़ोसी रमेश पटेल (50 वर्ष) आया और वह कुएं के अंदर गया। उसकी भी सांसें भरने लगीं, फिर उसे बचाने उसके दो बेटे राजेंद्र (20 वर्ष) और जितेंद्र (25 वर्ष) भी कुएं के अंदर चले गए। जब चारों कुछ देर तक नहीं लौटे तो पड़ोस में रहने वाला टिकेश्वर चंद्रा (25 वर्ष) भी इन लोगों को बचाने के लिए कुएं अंदर चला गया। लेकिन जहरीली गैस के रिसाव से पिता और 2 बेटों समेत 5 लोगों की जान चली गई।

घटना की जानकारी मिलने के बाद बिर्रा पुलिस और तहसीलदार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद SDRF की टीम ने कुएं में उतरकर शवों को निकालना शुरू किया। एसपी विवेक शुक्ला मौके पर मौजूद रहे। स्थानीय गोताखोरों को ऑक्सीजन मास्क नहीं होने के कारण कुएं में नहीं उतारा गया था। कुएं से निकालने के बाद सभी शवों को अस्पताल ले जाया गया है।

मृतक टीकेश्वर की पत्नी का आज जन्मदिन

इस घटना में अंतिम में सभी लोगों को बचाने के लिए घुसे टीकेश्वर चंद्रा की 3 महीने पहले ही शादी हुई थी। संयोग से आज उसकी पत्नी का जन्मदिन। उसने वॉट्सऐप पर बर्थडे स्टेटस भी लगाया था। वहीं, रमेश पटेल खेती किसानी का काम करता था। उसके बेटे जितेंद्र पटेल का 5 महीने का बच्चा है। वहीं, राजेंद्र पटेल ने 10 तक की पढ़ाई की थी और खेती किसानी में हाथ बंटाता था।

सीएम साय ने घटना पर जताया शोक
किकिरदा की घटना पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शोक जताया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर उन्होंने ईश्वर से मृतकों की आत्मा की शांति और पीड़ित परिजनों को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की। इसके साथ ही 5-5 लाख के मुआवजे का ऐलान किया है।

डॉक्टर बोले- कुएं में H2S, कार्बन मोनो आक्साइड और मीथेन गैस की संभावना

FSL टीम के एक्सपर्ट डॉक्टर सत्यजीत कोशरिया ने बताया कि लगभग 26 फीट के नीचे पानी है। ऐसे में कुएं में H2S, कार्बन मोनो आक्साइड और मीथेन गैस की संभावना है। कुआं काफी संकरा है, ढका हुआ भी था, जिससे रोशनी नहीं पड़ रही थी। इसके चलते कुएं के अंदर का पानी सड़ गया है। ऑक्सीजन लेवल भी कम है।

पानी सैंपल लिया गया है, उसको FSL लैब भेजा जाएगा। फाइनल रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा कि किस गैस की वजह से मौत हुई है।

Related Articles

Back to top button