शादी में सिलेंडर ब्लास्ट,लड़की पक्ष के 6 की मौत:दरभंगा में बारातियों की आतिशबाजी से शामियाने में लगी आग; रसोई तक पहुंची चिंगारी
By Dinesh chourasiya

दरभंगा में शादी के दौरान सिलेंडर ब्लास्ट होने से 6 लोगों की मौत हो गई है। हादसा गुरुवार रात 11 बजे के बाद हुआ। गांव के लोगों ने बताया की छगन पासवान की बेटी की शादी थी। बारात को पड़ोसी रामचंद्र पासवान के आवासीय परिसर में ठहराया गया था।
इस दौरान बारातियों ने जमकर आतिशबाजी की। पटाखों की चिंगारी से शामियाने में आग लग गई। पास में ही खाना बन रहा था। देखते ही देखते आग सिलेंडर तक जा पहुंची। सिलेंडर में आग लगते ही ब्लास्ट हो गया। हादसे के बाद दूल्हा-दुल्हन को पास के ही मंदिर में ले जाया गया। वहां दोनों की शादी हुई।







इसी दौरान रामचंद्र पासवान के दरवाजे पर रखे डीजल के स्टॉक में भी आग लग गई। इसमें परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई। मामला अलीनगर प्रखंड के बहेड़ा थाना के अंटोर गांव का है।
हादसे की तस्वीरें देखिए..
पटाखों की चिंगारी से आग फैली




गांव के ही अनिल पासवान ने बताया कि मुझे रात 3 बजे हादसे की जानकारी मिली। मैं मौके पर पहुंचा तो देखा आग की लपटें उठ रही थीं। मृतकों में मुझे अभी सुनिल और कंचन का नाम याद है। सुनिल के परिवार वालों की भी मौत हुई है। बारात गुरुवार रात 10 बजे आई थी। 11 बजे आग लगी। बाराती पटाखे छोड़ रहे थे उसी की चिंगारी से आग फैली।
हादसे में मृतकों के नाम
मृतकों में कंचन देवी(25) , साक्षी कुमारी(4), सिद्धांत कुमार(2), डेढ़ साल का एक बच्चा, सुनील पासवान(26) और लाली देवी शामिल हैं। बेनीपुर के अनुमंडल पदाधिकारी शंभू नाथ झा ने बताया कि घटना में 6 लोगों की मौत हुई है। मृतक के नजदीकी रिश्तेदारों को 4-4 लाख रुपए दिए जाएंगे। 3 मवेशियों की भी मौत हुई है। उनका भी मुआवजा दिया जाएगा। बाकी सामान के नुकसान के लिए 12 हजार रुपए की मदद की जाएगी।




