
भिलाई में निगम के सामने से लोहे की ग्रिल चोरी:फाउंटेन के ग्रिल, पाइप और टोंटी पार, पानी भरने से लोग रहे परेशान
By Dinesh chourasiya
भिलाई में जीई रोड के ठीक बगल से स्थित नगर निगम के मुख्य कार्यालय के सामने लगी लोहे की ग्रिल और नल की टोंटी चोरी करके ले गए हैं। हालत यह है कि निगम ने थाने में इसकी शिकायत करना भी मुनासिब नहीं समझा है। ग्रिल और टोंटी की कीमत 60 से 70 हजार रुपए आंकी गई है।
भिलाई नगर निगम के मुख्य कार्यालय से लगा फाउंटेन का एरिया है। यहां इंडियन बैंक से लेकर रजिस्ट्री और अन्य कार्य होते हैं। हर समय यहां हजारों लोगों का आना जाना है। निगम ने यहां की शोभा बढ़ाने के लिए फाउंटेन लगाने के साथ ही उसको लोहे की ग्रिल से कवर किया था। साथ ही वहां पर एक सुलभ की व्यवस्था थी।








बीती रात चोरों ने यहां लगी ग्रिल और नलों की टोंटी को चोरी कर लिया है। चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि जिस शौचालय में शाम को ताला लग जाता है, लेकिन उसका दरवाजा तोड़कर चोरी की। नल की टोंटी चोरी होने से निगम का पानी पूरा दिन बहा और वहां पूरा तालाब सा बन गया है।
इसके चलते वहां लोग परेशान होते रहे। शिकायत करने के कई घंटे बाद निगम के जल विभाग के कुछ लोग वहां पहुंचे। टोंटी की जगह पाइप को काटकर शौचालय का पानी ही बंद कर दिया।
सीसीटीवी कैमरों के बीच चोरी




बताया जा रहा है कि जिस जगह पर चोरी हुई है, वहां बैंक स्थित है। बैंक में सीसीटीवी कैमरे भी लगे हैं। निगम शिकायत करता तो सुपेला पुलिस चोरों को जल्द पकड़ सकती है। सुपेला थाना प्रभारी दुर्गेश शर्मा का कहना है कि उनके पास कोई शिकायत नहीं आई है।
सार्वजनिक संपत्ति की चोरी के चलते उन्होंने वहां अपनी टीम को जांच के लिए भेजा है।




